झारखंड विधानसभा ने वर्ष 2025 के उत्कृष्ट विधायक सम्मान के लिए धनबाद के भाजपा विधायक राज सिन्हा के नाम पर अपनी मुहर लगा दी है।
स्पीकर रवींद्र नाथ महतो की अध्यक्षता में हुई चयन समिति की बैठक में इस निर्णय को सर्वसम्मति से स्वीकृति मिली। समिति की बैठक में विपक्ष के नेता और भाजपा प्रदेश अध्यक्ष बाबूलाल मरांडी, जेएमएम के वरिष्ठ विधायक स्टीफन मरांडी और अन्य सदस्य भी मौजूद थे।
धनबाद विधानसभा से 2014 से लगातार प्रतिनिधित्व कर रहे 64 वर्षीय राज सिन्हा को यह सम्मान उनकी सक्रियता, जनसरोकारों पर उनकी निरंतर पैरवी और विधानसभा में प्रभावी भागीदारी के आधार पर प्रदान किया गया है।
22 नवंबर को मिलेगा सम्मान
विधानसभा अध्यक्ष महतो ने बताया कि 22 नवंबर को राज्य विधानसभा के रजत जयंती समारोह के अवसर पर यह पुरस्कार प्रदान किया जाएगा। इसके साथ ही विधानसभा के कुछ कर्मचारियों और अधिकारियों को भी उनकी उत्कृष्ट सेवाओं के लिए सम्मानित किया जाएगा।
राज सिन्हा ने कहा—यह सम्मान जनता को समर्पित
पुरस्कार की घोषणा के बाद राज सिन्हा ने सोशल मीडिया पर प्रतिक्रिया दी। उन्होंने लिखा कि झारखंड स्थापना दिवस के इस विशेष अवसर पर उत्कृष्ट विधायक के लिए उनका चयन होना “धनबाद की जनता की शक्ति और प्रेम का परिणाम है।”
उन्होंने कहा कि यह पुरस्कार वे पूरी तरह धनबाद की जनता को समर्पित करते हैं, क्योंकि जनता का समर्थन ही उनके लिए सबसे बड़ा बल रहा है।
इसके साथ उन्होंने विधानसभा के सदस्यों, अधिकारियों, अपने सहयोगियों, पार्टी नेतृत्व और कार्यकर्ताओं को भी धन्यवाद दिया और कहा कि सबके सहयोग, विश्वास और मार्गदर्शन ने ही उन्हें निरंतर जनसेवा के लिए प्रेरित किया है।
रजत जयंती समारोह की तैयारियों की समीक्षा
इधर, विधानसभा अध्यक्ष की अध्यक्षता में 25वीं वर्षगांठ समारोह की तैयारियों को लेकर उच्च स्तरीय समीक्षा बैठक भी हुई। इसमें मुख्य सचिव अविनाश कुमार, गृह सचिव वंदना दादेल सहित कई वरिष्ठ अधिकारी शामिल हुए।
स्पीकर ने अधिकारियों को कार्यक्रम को सफल, सुरक्षित और व्यवस्थित ढंग से संपन्न कराने के लिए सभी आवश्यक तैयारियाँ सुनिश्चित करने को कहा।
कुसुम न्यूज़ से निशा की रिपोट