सुभाष नगर के युवाओं ने खुद बनाया मैदान, अब होने जा रहा है फुटबॉल टूर्नामेंट!

Share This News

सुभाष नगर की सबसे बड़ी कॉलोनी में स्थित फील्ड क्वारी का इकलौता फुटबॉल मैदान अब खस्ताहाल हो चुका था। कभी खिलाड़ियों की आवाज़ों से गूंजने वाला यह मैदान आज वाहनों की आवाजाही, खुलेआम जुए और शाम होते ही शराबियों के अड्डे में बदल गया था। मगर अब इसी अंधकार में उम्मीद की किरण जलाने का काम स्थानीय युवाओं ने अपने हाथों में लिया है। उन्होंने निर्णय लिया है कि मैदान को फिर से जीवन देंगे और 15 नवंबर से “कर्मा मुंडा फुटबॉल टूर्नामेंट” का आयोजन करेंगे।

लंबे समय से लापरवाही के कारण मैदान की स्थिति बिगड़ गई थी। मिट्टी उखड़ चुकी थी और घास भी गायब हो चुकी थी। ऐसे में युवा खिलाड़ियों ने खुद कुदाल और बेलचा उठाकर मैदान समतल करने का बीड़ा उठाया। लगातार कई दिनों की मेहनत के बाद अब मैदान खेल योग्य बन चुका है। टूर्नामेंट 15 से 20 नवंबर तक चलेगा, जिसमें आस-पास के विभिन्न इलाकों की टीमें अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन करेंगी।

करीब दस वर्षों के अंतराल के बाद सुभाष नगर के इस ऐतिहासिक मैदान में किसी बड़े खेल आयोजन की वापसी होने जा रही है। खिलाड़ियों और क्षेत्रवासियों में उत्साह है कि अब यह मैदान फिर से अपनी पहचान लौटाएगा। टूर्नामेंट को सफल बनाने में पूर्व वार्ड पार्षद अशोक अग्रवाल और कांग्रेस नेता अरुण सिंह सक्रिय सहयोग दे रहे हैं।

टूर्नामेंट समिति के अध्यक्ष सुनील कुमार मुंडा ने बताया कि “खेल युवाओं को एकजुट करने और उनमें अनुशासन की भावना जगाने का सबसे अच्छा माध्यम है। यह मैदान पहले खेल के बजाय असामाजिक गतिविधियों का केंद्र बन गया था। लेकिन हमने ठाना कि अब हालात बदलेंगे। स्थानीय युवाओं और समाजसेवियों के सहयोग से अब यह टूर्नामेंट आयोजित हो रहा है, जो इस मैदान को फिर से जीवंत कर देगा।”

इस आयोजन की तैयारी में समिति के सचिव रोहित कुमार हरि, सहयोगी महेंद्र, सन्नी, भास्कर और संतोष भी सक्रिय रूप से जुड़े हुए हैं। सभी का कहना है कि इस बार “कर्मा मुंडा फुटबॉल टूर्नामेंट” सिर्फ खेल प्रतियोगिता नहीं, बल्कि एक सामाजिक जागरूकता अभियान साबित होगा, जो युवाओं को गलत राह से हटाकर खेल के मैदान तक लाएगा।

Leave a comment