Breaking News

आयुष्मान भारत योजना से सफलतापूर्वक हुआ गर्भाशय का ऑपरेशन

Share This News

सदर अस्पताल में आज आयुष्मान भारत योजना से 63 वर्षीय श्रीमती उर्मिला देवी, पति श्री अशोक कुमार वर्मा, निवासी केंदुआ माई मोड़, का गर्भाशय ऑपरेशन सफलतापूर्वक किया गया।

इसकी विस्तृत जानकारी देते हुए अस्पताल के उपाधीक्षक डॉ संजीव कुमार ने बताया कि श्रीमती उर्मिला देवी पिछले लगभग दो वर्षों से गर्भाशय के बाहर खिसकने की समस्या से पीड़ित थीं। इसके कारण उन्हें पेट में दर्द और शौच में कठिनाई जैसी परेशानियाँ हो रही थीं। आर्थिक तंगी के कारण वे अब तक ऑपरेशन नहीं करवा पाई थीं।

जब उन्हें यह जानकारी मिली कि सदर अस्पताल, धनबाद में आयुष्मान भारत योजना के अंतर्गत निःशुल्क ऑपरेशन की सुविधा उपलब्ध है, तो उन्होंने स्त्री एवं प्रसूति रोग विशेषज्ञ डॉ. संजीव कुमार प्रसाद से संपर्क किया।
डॉ. संजीव द्वारा आवश्यक जांच एवं प्री-ऑपरेटिव तैयारी के बाद आज दिनांक 12 नवम्बर 2025 को सफलतापूर्वक ऑपरेशन किया गया।

यह शल्यक्रिया डॉ. संजीव कुमार प्रसाद के नेतृत्व में निश्चेतक चिकित्सक डॉ. आनंद कुमार, ओटी सहायक मदुसूदन मरांडी एवं सिस्टर रेखा की टीम द्वारा सम्पन्न किया गया।

निजी अस्पतालों में इस प्रकार के ऑपरेशन पर लगभग ₹50,000 से ₹60,000 तक खर्च आता है, जबकि आयुष्मान भारत योजना के अंतर्गत यह ऑपरेशन निःशुल्क किया गया। श्रीमती उर्मिला देवी एवं उनके परिवार ने अस्पताल प्रबंधन एवं जिला प्रशासन को धन्यवाद देते हुए कहा कि “आर्थिक रूप से कमजोर लोगों के लिए यह योजना वरदान है। अब हमें राहत मिली है और हम स्वस्थ हैं।”

उल्लेखनीय है कि सदर अस्पताल, धनबाद में डॉ. संजीव कुमार प्रसाद के नेतृत्व में नियमित रूप से इस प्रकार के जटिल स्त्री रोग संबंधी शल्यक्रियाएँ की जा रही हैं, जो सामान्यतः केवल मेडिकल कॉलेज अस्पतालों में की जाती हैं।

Leave a comment