बॉलीवुड के बादशाह शाहरुख़ खान हाल ही में 60 वर्ष के हो गए, और इस खास मौके पर उन्होंने अपने फैंस से मिलकर उन्हें तहे दिल से धन्यवाद दिया। इस मुलाकात में शाहरुख़ ने अपनी फिल्म ‘रा.वन’ के सीक्वल की संभावनाओं पर भी बात की, जिससे फैंस के बीच उत्साह का माहौल बन गया।
‘रा.वन’ के बारे में बात करते हुए शाहरुख़ ने बताया, “यह फिल्म एक नया और अनोखा अनुभव था, जो मेरे लिए बहुत मायने रखता है। इसे बनाने में अनुभव सिन्हा की कड़ी मेहनत लगी थी। मुझे उम्मीद थी कि यह फिल्म एक नई दिशा में ट्रेंड सेट करेगी और बॉलीवुड में कुछ नया ले आएगी। उस समय मेरी सोच यह थी कि अगर मैं कोई फिल्म बनाऊं, तो वह कुछ ऐसा हो, जो लोगों को प्रेरित करे और हमारे देश की सिनेमा को नई ऊंचाइयों तक पहुंचाए।”
‘रा.वन’ के मकसद पर शाहरुख़ ने कहा, “जब मैं यह फिल्म बना रहा था, तो मुझे लगता था कि लोग इसे सिर्फ एक सुपरहीरो फिल्म समझेंगे, लेकिन यह सिर्फ एक सुपरहीरो फिल्म नहीं थी, बल्कि इसमें विजुअल इफेक्ट्स और टेक्नोलॉजी पर भी जोर दिया गया था। उस समय, भारत में ऐसी तकनीकें कम थीं, लेकिन फिल्म ने अपना असर छोड़ा था और लोगों ने इसे पसंद किया। अब अगर यह फिल्म आज के समय में बनती तो उसे और भी ज्यादा सराहा जाता, क्योंकि अब लोग स्मार्टफोन, वीडियो गेम्स और नई तकनीकों से अच्छी तरह परिचित हैं।”
‘रा.वन 2’ के बारे में शाहरुख़ ने कहा, “अगर अनुभव सिन्हा कभी इसका सीक्वल बनाने का फैसला करते हैं, तो मैं पूरी तरह से इसके लिए तैयार हूं। उन्होंने ही इसे बनाया था और मुझे लगता है कि वही इस फिल्म का अगला पार्ट भी बना सकते हैं। हम इस फिल्म पर बहुत मेहनत कर चुके थे, और अगर ऊपर वाले की इच्छा हुई और सही समय आया, तो हम इसे फिर से बनाने का जरूर सोचेंगे। आजकल टेक्नोलॉजी इतनी एडवांस हो गई है कि ऐसा करना पहले से कहीं ज्यादा आसान होगा।”
‘रा.वन’ का बजट करीब 130 करोड़ रुपये था, जो उस वक्त बॉलीवुड की सबसे महंगी फिल्मों में से एक थी। इसमें शाहरुख़ के अलावा करीना कपूर खान और अर्जुन रामपाल भी प्रमुख भूमिकाओं में थे। हालांकि फिल्म ने बॉक्स ऑफिस पर अच्छा प्रदर्शन किया और वर्ल्डवाइड 206 करोड़ रुपये का बिज़नेस किया।
कुसुम न्यूज़ से निशा की रिपोट