धनबाद (DHANBAD): बिराजपुर स्थित कोनारटांड मैदान में आयोजित दो दिवसीय फुटबॉल प्रतियोगिता का आज समापन हुआ। समापन समारोह में धनबाद जिला कांग्रेस कमिटी के अध्यक्ष संतोष सिंह, बिहार जनता मजदूर संघ के महामंत्री रणविजय सिंह और गोविंदपुर प्रखंड अध्यक्ष मनोज हाड़ी विशेष अतिथि के रूप में शामिल हुए।
इस टूर्नामेंट में कुल 16 टीमों ने जोरदार मुकाबले खेले, जिसमें खिलाड़ियों ने शानदार कौशल और टीम भावना का प्रदर्शन किया। फाइनल में जुरीपरी एफसी और एसटी बायस आमने-सामने हुईं, जहाँ रोमांचक मुकाबले का फैसला पेनल्टी शूटआउट से हुआ। निर्णायक क्षणों में बेहतर प्रदर्शन करते हुए जुरीपरी एफसी ने 1-0 से ख़िताब अपने नाम किया।
मुख्य अतिथि रणविजय सिंह ने खिलाड़ियों का उत्साह बढ़ाते हुए कहा कि युवाओं को सोशल मीडिया में समय गंवाने के बजाय खेल-कूद में रुचि बढ़ानी चाहिए, क्योंकि खेल न केवल शरीर को स्वस्थ बनाता है बल्कि मानसिक संतुलन और अनुशासन भी प्रदान करता है। उन्होंने ग्रामीण क्षेत्र की प्रतिभाओं को आगे बढ़ाने के लिए ऐसे आयोजनों को महत्वपूर्ण बताया।