आज दिनांक 26.09.2025 को महाप्रबंधक महोदय की अध्यक्षता में राजभाषा पखवाड़ा का पुरस्कार वितरण समारोह व सांस्कृतिक कार्यक्रम का आयोजन किया गया. इस अवसर पर महाप्रबंधक, श्री छत्रसाल सिंह ने राजभाषा विभाग को कार्यक्रम की बधाई देते हुए सभी पुरस्कार विजेताओं को भी हिंदी में प्रशंसनीय कार्य करने के लिए बधाई दी और राजभाषा हिंदी के प्रयोग-प्रसार को और गति प्रदान करने के लिए हमेशा सचेष्ट रहने को कहा. उन्होंने भारत सरकार की राजभाषा नीति का कार्यान्वयन शत-प्रतिशत करने को कहा. मौके पर उपस्थित मुख्य राजभाषा अधिकारी सह प्रमुख मुख्य सामग्री प्रबंधक श्री विजय कुमार ने भी कार्यक्रम की सफलता पर बधाई देते हुए कहा कि राजभाषा विभाग पूर्व मध्य रेल, हाजीपुर की ओर से राजभाषा हिंदी के प्रयोग-प्रसार हेतु विभिन्न प्रतियोगिताओं का आयोजन समय-समय पर किया जाता है. इससे रेल कर्मियों के बीच हिंदी में कार्य करने की प्रवृत्ति बढ़ती है.
वर्ष 2024-25 के दौरान राजभाषा हिंदी के प्रयोग-प्रसार में उत्कृष्ट कार्य/सराहनीय कार्य व सहयोग करने वाले 85 अधिकारियों/कर्मचारियों को प्रमाण-पत्र व नकद पुरस्कार प्रदान किया गया. साथ ही राजभाषा सामूहिक पुरस्कार योजना आधार वर्ष-2024 का प्रथम पुरस्कार कार्मिक विभाग, पूमरे/हाजीपुर को, द्वितीय पुरस्कार दानापुर मंडल के कार्मिक शाखा को एवं तृतीय पुरस्कार प्लांट डिपो/डीडीयू को प्रदान किया गया. इसके साथ सर्वोत्तम पुस्तकालय का पुरस्कार सोनपुर मंडल के अंतर्गत रामवृक्ष बेनीपुरी हिंदी पुस्तकालय को जबकि रनर-अप का पुरस्कार यांत्रिक कारखाना स्थित हरिमोहन झा हिंदी पुस्तकालय को दिया गया. राजभाषा कार्यान्वयन समिति के अंतर्गत प्रथम पुरस्कार सोनपुर मंडल के बेगूसराय स्टेशन को जबकि रनर-अप का पुरस्कार धनबाद मंडल के डाल्टनगंज स्टेशन को मिला. इसके साथ सर्वोत्तम पत्रिका का पुरस्कार समस्तीपुर मंडल की पत्रिका ‘रेल सुरभि’ को मिला.
विदित हो कि पूर्व मध्य रेल मुख्यालय, हाजीपुर में राजभाषा विभाग द्वारा 01 सितम्बर से 26 सितंबर तक राजभाषा पखवाड़ा-2025 का आयोजन किया गया. इसी क्रम में 01.09.25 को हिंदी कार्यशाला, 02.09.25 को हिंदी निबंध, 04.09.25 को टिप्पण व प्रारूप लेखन, 08.09.25 को हिंदी वाक्,10.09.25 को राजभाषा क्विज (अधिकारियों के लिए) एवं 12.09.25 को राजभाषा क्विज (कर्मचारियों के लिए) का आयोजन सफलतापूर्वक किया गया. राजभाषा पखवाड़ा- 2025 का औपचारिक उद्घाटन विचार-गोष्ठी के साथ 22.09.2025 को महाप्रबंधक महोदय की अध्यक्षता में की गई. जिसके पहले सत्र में क्षेत्रीय रेल राजभाषा कार्यान्वयन समिति की बैठक संपन्न हुई साथ ही द्वितीय सत्र में विचार-गोष्ठी का भी आयोजन किया गया. जिसमें मुख्य वक्ता के रूप में डॉ. संजय पंकज, वरि. साहित्यकार उपस्थित थे. आज के कार्यक्रम का संचालन व धन्यवाद ज्ञापन उप महाप्रबंधक (राजभाषा) श्री केशव त्रिपाठी द्वारा किया गया
