Breaking News

धनबाद स्टेशन पर सफाई अभियान रेलवे से नियमित सहयोग की अपील

Share This News

धनबाद। नगर निगम धनबाद की ओर से गुरुवार को धनबाद रेलवे स्टेशन के दक्षिणी गेट पर स्वच्छता ही सेवा कार्यक्रम आयोजित किया गया। यह कार्यक्रम एक दिन, एक घंटा, एक साथ श्रमदान के तहत किया गया, जिसका उद्देश्य आम लोगों में स्वच्छता के प्रति जागरूकता फैलाना था।

कार्यक्रम में नगर आयुक्त रविराज शर्मा, यातायात डीएसपी अरविंद कुमार सिंह, धनबाद विधायक राज सिंह और रेलवे अधिकारी शामिल हुए। इसके अलावा नगर निगम कर्मियों के साथ स्थानीय लोगों ने भी उत्साहपूर्वक भाग लिया।

नगर आयुक्त रविराज शर्मा ने कहा कि इस अभियान के तहत रेलवे स्टेशन के साउथ गेट क्षेत्र की पूरी सफाई की गई। उन्होंने बताया कि आगे भी इस क्षेत्र की सफाई नियमित रूप से हो, इसके लिए रेलवे से सहयोग की अपील की जाएगी। उन्होंने कहा कि स्टेशन जैसे महत्वपूर्ण स्थान पर साफ-सफाई बनाए रखना सभी की जिम्मेदारी है।

वहीं, विधायक राज सिंह ने खुद झाड़ू लगाकर श्रमदान किया और लोगों को स्वच्छता का संदेश दिया। उन्होंने कहा कि स्वच्छ भारत अभियान प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के संकल्प का हिस्सा है और हर नागरिक को इसमें भागीदारी निभानी चाहिए। विधायक ने स्टेशन क्षेत्र में फैली गंदगी और बदबू की स्थिति पर चिंता जताई। उन्होंने कहा कि यह क्षेत्र रेलवे के अधीन आता है, इसलिए रेलवे प्रशासन को नियमित साफ-सफाई सुनिश्चित करनी चाहिए।

Leave a comment