सदर अस्पताल में हिस्टरक्टॉमी ऑपरेशन सफलतापूर्वक संपन्न

Share This News

निजी अस्पताल में होता 40 से 50 हजार रुपये का खर्च

उपायुक्त सह जिला दंडाधिकारी श्री आदित्य रंजन के मार्गदर्शन, जिले के लोगों को बेहतर स्वास्थ्य व्यवस्था उपलब्ध कराने के लिए सतत निगरानी, समीक्षा, चिकित्सक व संसाधनों की उपलब्धता के परिणामस्वरूप धनबाद का सदर अस्पताल लगातार गरीब एवं जरूरतमंद मरीजों को गुणवत्तापूर्ण स्वास्थ्य सेवाएँ उपलब्ध कराकर चिकित्सा क्षेत्र में अपनी अलग पहचान बना चुका है। इतना ही नहीं बल्कि प्रतिदिन सदर अस्पताल आने वाले मरीजों की संख्या भी निरंतर बढ़ रही है।

इसी कड़ी में आज सदर अस्पताल में झरिया की रहने वाली 37 वर्षीय सहिया रेणु देवी का सफल ऑपरेशन किया गया।

इसकी जानकारी देते हुए अस्पताल के उपाधीक्षक डॉ संजीव कुमार ने बताया कि रेणु देवी कई महीनों से अत्यधिक मासिक धर्म (ज्यादा रक्तस्राव) और पेट दर्द से पीड़ित थीं। वे कई महीनों तक कई चिकित्सकों से सलाह लेकर दवा लेती थी। इससे उन्हें कोई फायदा नजर नहीं आया। उनकी तबीयत खराब रहने लगी और कमजोरी आने लगी। आर्थिक स्थिति कमजोर होने के कारण उन्होंने सदर अस्पताल का रुख किया।

उन्होंने स्त्री रोग विशेषज्ञ सह उपाधीक्षक डॉ संजीव कुमार से परामर्श लिया। जांच तथा यूएसजी सहित अन्य जाँचों से पता चला कि उनके गर्भाशय में फाइब्रॉइड है। चिकित्सीय परामर्श के उपरांत ऑपरेशन की तिथि 24 सितंबर तय की गई।

इसके बाद आज डॉ संजीव कुमार के नेतृत्व में तथा डॉ आनंद (निश्चेतक विशेषज्ञ) के सहयोग से हिस्टरक्टॉमी ऑपरेशन सफलतापूर्वक किया गया। ऑपरेशन के बाद मरीज की स्थिति सामान्य है।

रेणु देवी ने बताया कि निजी क्लिनिक में इस तरह के ऑपरेशन पर लगभग 40 से 50 हजार रुपये का खर्च आता है। किंतु सदर अस्पताल में निःशुल्क सुविधा उपलब्ध होने के कारण वे यहाँ ऑपरेशन करा सकी। इसके लिए उन्होंने अस्पताल प्रबंधन तथा जिला प्रशासन का आभार व्यक्त किया।

कुसुम न्यूज़ से कुमार की रिपोर्ट

Leave a comment