धनबाद, 19 दिसंबर 2024: भारतीय जनता पार्टी धनबाद महानगर द्वारा आगामी सदस्यता अभियान 2024 को लेकर शुक्रवार को महानगर के विभिन्न मंडलों में मंडल कार्यशालाओं का आयोजन किया गया। इसी कड़ी में बैंक मोड़ मंडल की कार्यशाला मटकुरिया भगत सिंह कॉलोनी में मंडल अध्यक्ष सन्नी रवानी की अध्यक्षता में आयोजित की गई। कार्यशाला का संचालन संजय गोस्वामी ने किया, जबकि धन्यवाद ज्ञापन नीरज सिन्हा ने किया।
कार्यशाला को संबोधित करते हुए भाजपा महानगर अध्यक्ष श्रवण राय ने कहा कि महानगर के सभी मंडलों में एक सदस्यता संयोजक और दो सह संयोजक नियुक्त किए गए हैं। आगामी 22 दिसंबर 2024 से सदस्यता अभियान का शुभारंभ होगा। उन्होंने बताया कि प्रत्येक शक्ति केंद्र पर 200 प्राथमिक सदस्य बनाने का लक्ष्य तय किया गया है।
50 प्राथमिक सदस्य बनने वाले कार्यकर्ता ही सक्रिय सदस्य बनने की पात्रता प्राप्त करेंगे।जिला महामंत्री सह सदस्यता प्रभारी मानस प्रसून ने कहा कि धनबाद महानगर के भाजपा कार्यकर्ता ओजस्वी और तेजस्वी हैं। पिछले सदस्यता अभियान में धनबाद महानगर जिला पूरे झारखंड में अव्वल रहा था और इस बार कार्यकर्ता रिकॉर्ड तोड़ने के लिए तैयार हैं।
बैंक मोड़ मंडल प्रभारी सह जिला मंत्री पंकज सिन्हा ने कहा कि 23 और 24 दिसंबर को मंडल के प्रत्येक बूथों पर जाकर भाजपा से जुड़ने के इच्छुक लोगों को पार्टी का सदस्य बनाने का कार्यक्रम तय किया गया है। इसके अलावा, 25 दिसंबर को भारत रत्न पूर्व प्रधानमंत्री अटल बिहारी वाजपेयी की जयंती को सुशासन दिवस के रूप में मनाते हुए विशेष सदस्यता अभियान चलाया जाएगा।
मंडल अध्यक्ष सन्नी रवानी, सदस्यता संयोजक संजय गोस्वामी और सहसंयोजक नीरज सिन्हा ने कहा कि शक्ति केंद्रों पर प्रभारी नियुक्त कर रिकॉर्ड सदस्यता अभियान चलाने की रणनीति तैयार की गई है।कार्यशाला की शुरुआत में भाजपा के दिवंगत नेता शैलेश सिंह चंद्रवंशी की आत्मा की शांति के लिए दो मिनट का मौन रखा गया।
इस अवसर पर प्रितपाल सिंह आजमानी, शिवेंद्र सिंह सोनू, सुनीता केशरी, रेणु थापा, शंकर तिवारी, नवल साव, चंदन राय, योगेश जोशी, अनिल प्रसाद, अनूप सिंह, प्रकाश मंडल, भोला रजक, जितेंद्र मालाकार, भाजयुमो अध्यक्ष दिलीप सिंह, बलराम प्रसाद, रिंकू सिंह और मोहन प्रसाद समेत सैकड़ों कार्यकर्ता व बूथ अध्यक्ष उपस्थित थे।
भाजपा का लक्ष्य
सदस्यता अभियान को लेकर भाजपा कार्यकर्ताओं में भारी उत्साह देखने को मिला। बैंक मोड़ मंडल के पदाधिकारियों ने दावा किया कि इस बार रिकॉर्ड सदस्यता कर महानगर को फिर से झारखंड में शीर्ष पर पहुंचाने का प्रयास किया जाएगा।