दुमदुमी में शराबबंदी की मुहिम तेज, नशा मुक्त पंचायत बनाने का संकल्प

Share This News

पेयजल और स्वास्थ्य सुविधाओं को लेकर भी ग्रामीणों ने बुलंद की आवाज, नशा मुक्ति कमेटी का गठन

तोपचांची (धनबाद): दुमदुमी पंचायत में सामाजिक बदलाव की नई पहल शुरू हो गई है। शराबबंदी, नशा मुक्ति, पेयजल संकट और बदहाल स्वास्थ्य सुविधाओं को लेकर रविवार, 29 नवंबर 2026 को दुमदुमी हरि मंदिर परिसर में ग्रामीणों की महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। बैठक में पंचायत को नशामुक्त बनाने के साथ-साथ बुनियादी सुविधाओं की लड़ाई को तेज करने का संकल्प लिया गया।

बैठक की अध्यक्षता सदानंद महतो ने की, जबकि संचालन वार्ड सदस्य सरयू प्रसाद महतो ने किया। धन्यवाद ज्ञापन अमित कुमार प्रमाणिक ने किया।

बैठक को संबोधित करते हुए सदानंद महतो ने कहा कि शराब और नशे की बढ़ती प्रवृत्ति समाज, परिवार और युवा पीढ़ी के भविष्य के लिए गंभीर चिंता का विषय है। इसे रोकने के लिए पंचायत के प्रत्येक गांव में जनजागरूकता अभियान चलाया जाएगा। इस मुहिम में युवाओं और महिलाओं की सक्रिय भागीदारी सुनिश्चित की जाएगी। उन्होंने कहा कि केवल चर्चा से सामाजिक बुराइयां समाप्त नहीं होंगी, बल्कि इसके लिए ग्रामीणों को एकजुट होकर जमीन पर अभियान चलाना होगा।

उन्होंने पेयजल समस्या पर आवाज बुलंद करते हुए तोपचांची झील की जलापूर्ति योजना से दुमदुमी जलापूर्ति योजना को जोड़ने की मांग उठाई। साथ ही दुमदुमी गांव में स्वास्थ्य उपकेंद्र निर्माण की आवश्यकता पर जोर देते हुए कहा कि ग्रामीणों को बेहतर चिकित्सा सुविधा के लिए दूर-दराज भटकना नहीं पड़े, इसके लिए स्वास्थ्य केंद्र का निर्माण जरूरी है।

नशे के खिलाफ लड़ाई के लिए बनी कमेटी

बैठक में दुमदुमी पंचायत को नशामुक्त बनाने के उद्देश्य से नशा मुक्ति कमेटी का गठन किया गया। इसमें गीता देवी, बालिका देवी, उषा देवी, उर्मिला देवी, रोहिणी देवी, सदानंद महतो, सरयू प्रसाद महतो, विनोद कुमार महतो, अमित कुमार प्रमाणिक, तारा प्रसाद महतो, किशोर कुमार दास एवं विकास कुमार महतो को शामिल किया गया।

बैठक में पारसनाथ महतो, मनोज कुमार महतो, धनंजय महतो, तुलसी महतो, आशुतोष राय, पनवा देवी, गीता देवी, मोनी देवी, मोहन राय सहित बड़ी संख्या में महिला एवं पुरुष ग्रामीण उपस्थित थे।

Leave a comment