प्लेटफॉर्म नंबर सात से प्लेटफॉर्म नंबर एक जाने के दौरान हुआ हादसा…………..
रेलवे ट्रैक के पास गंभीर हालत में मिले बबलू सिंह…………..
धनबाद रेलवे स्टेशन पर रविवार अहले सुबह एक दर्दनाक हादसा हुआ। ट्रेन की चपेट में आने से 45 वर्षीय व्यक्ति के दोनों पैर घुटने के ऊपर से कटकर शरीर से अलग हो गए। हादसे में गंभीर रूप से घायल व्यक्ति की पहचान बिहार के भोजपुर जिले के राजापुर गांव निवासी बबलू सिंह के रूप में हुई है। उन्हें इलाज के लिए शहीद निर्मल महतो मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां उनकी हालत गंभीर बनी हुई है।
जानकारी के अनुसार, घटना धनबाद रेलवे स्टेशन के प्लेटफॉर्म नंबर सात की है। रेलवे कंट्रोल रूम और रेल मास्टर से एक व्यक्ति के घायल अवस्था में पड़े होने की सूचना मिलने के बाद RPF की टीम तत्काल मौके पर पहुंची।
वहां बबलू सिंह रेलवे ट्रैक के पास गंभीर रूप से घायल मिले। ट्रेन की चपेट में आने से उनके दोनों पैर घुटने के ऊपर से कट चुके थे। इसके बाद RPF ने उन्हें तत्काल अस्पताल पहुंचाया।
बताया जाता है कि बबलू सिंह पारसनाथ में एक व्यक्ति के साथ कैटरिंग का काम करते थे। शुरुआती जानकारी के मुताबिक, घटना के समय वह कथित तौर पर नशे की हालत में थे। पूछताछ में उन्होंने बताया कि उन्हें प्लेटफॉर्म नंबर सात से प्लेटफॉर्म नंबर एक जाना था।
फिलहाल बबलू सिंह का SNMMCH में इलाज जारी है। RPF उनके परिजनों से संपर्क करने में जुटी है। वहीं, रेलवे स्टेशन पर यह हादसा किन परिस्थितियों में हुआ, इसकी जांच की जा रही है।