डालसा ने वृद्धाश्रम और बाल गृहों में मनाई दीपावली, बुजुर्गों व बच्चों के चेहरों पर बिखेरी खुशियों की रोशनी

Share This News

उपहार और मिठाइयां बांटकर दिया खुशियों का संदेश, आकर्षक विद्युत सज्जा से जगमगाए तीनों संस्थान

धनबाद: दीपावली के पावन अवसर पर जिला विधिक सेवा प्राधिकार (डालसा) की ओर से समाज के वंचित और जरूरतमंद वर्गों के बीच खुशियां बांटने की अनूठी पहल की गई। इस क्रम में लालमुनि वृद्धाश्रम, जुवेनाइल जस्टिस बोर्ड (जेजेबी) तथा होप होम में रह रहे बच्चों के बीच दीपावली का त्योहार हर्षोल्लास के साथ मनाया गया।

जिला विधिक सेवा प्राधिकार के सचिव सह अवर न्यायाधीश मयंक तुषार टोपनो के नेतृत्व में लीगल एड डिफेंस काउंसिल सिस्टम की टीम तीनों संस्थानों में पहुंची। टीम के सदस्यों ने वहां रह रहे बुजुर्गों और बच्चों को दीपावली के उपहार भेंट किए तथा मिठाइयां बांटकर उनके साथ त्योहार की खुशियां साझा कीं।

इस दौरान वृद्धाश्रम, जेजेबी और होप होम को आकर्षक विद्युत सज्जा से सजाया गया था। रंग-बिरंगी रोशनी से जगमगाते संस्थानों में दीपावली का उत्सवी माहौल देखने को मिला। उपहार और मिठाइयां पाकर बुजुर्गों एवं बच्चों के चेहरों पर खुशी और मुस्कान नजर आई।

इस पहल के माध्यम से डालसा ने यह संदेश देने का प्रयास किया कि त्योहारों की वास्तविक खुशी दूसरों के जीवन में खुशियां बांटने और समाज के हर वर्ग को अपनापन महसूस कराने में है। बुजुर्गों और बच्चों के साथ दीपावली मनाकर प्राधिकार की टीम ने सामाजिक सरोकार, संवेदनशीलता और मानवीय सेवा की भावना को भी सार्थक रूप दिया।

Leave a comment