इवेंट जंक्शन में डांडिया नाइट की धूम, रंग-बिरंगे परिधानों में झूमे लोग

Share This News

डांडिया नाइट से जुटाई गई राशि से थैलेसीमिया पीड़ित अवनी शर्मा के बोन मैरो ट्रांसप्लांट में की जाएगी मदद

धनबाद: सूर्य हाइलैंड सिटी के समीप सांगली रिजॉर्ट स्थित इवेंट जंक्शन में डांडिया नाइट का भव्य आयोजन किया गया। आयोजक सूरज सिंह के नेतृत्व में आयोजित इस कार्यक्रम में रंग-बिरंगे परिधानों, डांडिया की थाप और मधुर संगीत के बीच लोगों ने जमकर उत्सव का आनंद लिया। पूरे परिसर में नवरात्रि का उल्लास और उमंग देखने को मिला।
कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में समाजसेवी कुंभनाथ सिंह एवं उदय प्रताप सिंह उपस्थित रहे। दोनों अतिथियों ने धनबादवासियों को नवरात्रि की हार्दिक शुभकामनाएं दीं। इस अवसर पर पप्पू सिंह, खुशियों की उड़ान की अध्यक्ष एवं समाजसेवी सरिता सिंह, सचिव निहारिका, मंजू और अंजली सहित कई गणमान्य लोग मौजूद रहे।
डांडिया की थाप पर प्रतिभागियों ने पारंपरिक अंदाज में नृत्य कर उत्सव का आनंद लिया। कार्यक्रम में लोगों ने एक-दूसरे के साथ खुशियां साझा कीं और भारतीय संस्कृति की समृद्ध परंपरा को जीवंत किया।
इस आयोजन का विशेष उद्देश्य सामाजिक सरोकार से भी जुड़ा रहा। कार्यक्रम से अर्जित राशि लोयाबाद की मासूम अवनी शर्मा के बोन मैरो ट्रांसप्लांट के लिए आर्थिक सहायता के रूप में दी जाएगी। अवनी मेजर थैलेसीमिया से पीड़ित है और बेंगलुरु में उसका बोन मैरो ट्रांसप्लांट कराया जाना है। इस पहल के माध्यम से आयोजकों ने उत्सव को सेवा और सहयोग की भावना से जोड़ने का प्रयास किया।
इस मौके पर सरिता सिंह ने कहा कि इस तरह के आयोजन समाज में आपसी प्रेम, एकता और भाईचारे को मजबूत करने के साथ जरूरतमंदों की सहायता के लिए भी प्रेरित करते हैं।
आयोजक सूरज सिंह के प्रयासों से डांडिया नाइट यादगार बन गई। उपस्थित अतिथियों और प्रतिभागियों ने आयोजन की सराहना की।

Leave a comment