डिनोबिली स्कूल, गोमो में स्कूली वाहनों की सघन जांच

Share This News

10 वाहनों पर ₹1 लाख का जुर्माना, 1 वाहन जब्त

उपायुक्त सह जिला दंडाधिकारी श्री आदित्य रंजन के निर्देशानुसार स्कूली बच्चों की सुरक्षा सुनिश्चित करने के उद्देश्य से आज जिला परिवहन पदाधिकारी श्री दिवाकर सी. द्विवेदी के नेतृत्व में डिनोबिली स्कूल, गोमो में संचालित स्कूली वाहनों की गहन जांच की गई।

जांच अभियान मोटरयान निरीक्षक श्री अभय कुमार एवं श्री शुभम कुमार द्वारा संचालित किया गया। इस दौरान वाहनों के फिटनेस, परमिट, इंश्योरेंस, पॉल्यूशन व अन्य आवश्यक कागजातों की बारीकी से पड़ताल की गई।

इस दौरान कागजात अधूरे एवं सही नहीं पाए जाने पर 10 स्कूली वाहनों पर मोटरवाहन अधिनियम की सुसंगत धाराओं के तहत लगभग ₹1,00,000 का जुर्माना लगाया गया। जबकि कागजात बिल्कुल नहीं पाए जाने पर एक वाहन को जब्त कर हरिहरपुर थाना परिसर में सुपुर्द किया गया।

जांच दल द्वारा विद्यालय के प्राचार्य एवं वाहन स्वामियों को सड़क सुरक्षा पर माननीय उच्चतम न्यायालय द्वारा जारी दिशा-निर्देशों का अक्षरशः पालन करने का कड़ा निर्देश दिया गया। साथ ही उपस्थित चालकों की काउंसिलिंग करते हुए उन्हें तय गति सीमा, सुरक्षा मानकों और यातायात नियमों का कड़ाई से पालन करने को कहा गया।

जांच अभियान के दौरान जिला सड़क सुरक्षा प्रबंधक श्री सुनील कुमार, रोड इंजीनियर एनालिस्ट अमरेश कुमार, मुकुल कुमार सहित विद्यालय के शिक्षक व अन्य संबंधित कर्मी मौजूद रहे।

Leave a comment