धनबाद:नारायणी चैरिटेबल ट्रस्ट द्वारा संचालित विशेष दिव्यांग स्कूल पहला कदम में मंगलवार को विश्व सेरेब्रल पाल्सी दिवस के अवसर पर विशेष कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य सेरेब्रल पाल्सी से प्रभावित बच्चों की प्रतिभा, आत्मविश्वास और क्षमताओं को प्रोत्साहित करना तथा समाज में समावेशी सोच को बढ़ावा देना था।
इस अवसर पर बच्चों के लिए उनकी क्षमताओं के अनुरूप विभिन्न मनोरंजक एवं गतिविधि आधारित खेल कराए गए। बच्चों ने पूरे उत्साह के साथ खेलों में भाग लिया और अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन किया। शिक्षकों ने बच्चों का उत्साह बढ़ाते हुए उन्हें आगे भी अपनी रुचि और क्षमता के अनुसार गतिविधियों में भाग लेने के लिए प्रेरित किया।
कार्यक्रम में सचिव अनीता अग्रवाल ने कहा कि सेरेब्रल पाल्सी बच्चों की क्षमता की सीमा नहीं है। उचित मार्गदर्शन, सहयोग और अवसर मिलने पर ये बच्चे भी अपनी प्रतिभा से समाज में अपनी अलग पहचान बना सकते हैं। उन्होंने कहा कि बच्चों को सहानुभूति नहीं, बल्कि सम्मान, अवसर और समान भागीदारी की आवश्यकता है।
बच्चों के सर्वांगीण विकास में खेल और गतिविधियों की महत्वपूर्ण भूमिका है। ऐसे आयोजन बच्चों के आत्मविश्वास को बढ़ाने के साथ-साथ उनकी छिपी प्रतिभाओं को सामने लाने का अवसर देते हैं।
कार्यक्रम मैं स्कूल के सुपरवाइजर कौशल अग्रवाल भी शामिल हुए। कार्यक्रम के दौरान शिक्षकों एवं स्कूल के कर्मचारियों ने बच्चों का उत्साहवर्धन किया। पूरा स्कूल परिसर बच्चों की मुस्कान और उत्साह से भर गया।