Breaking News

खदान क्षेत्रों में सामुदायिक विकास के लिए माइंस-पंचायत मैपिंग और ग्राम सभा से योजना स्वीकृति का निर्णय

Share This News

समाहरणालय स्थित डीएमएफटी सभागार में आज उप विकास आयुक्त श्री सन्नी राज की अध्यक्षता में ‘माइन्स क्लोजर एडवायजरी कमिटी’ की बैठक संपन्न हुई। बैठक में भारत कोकिंग कोल लिमिटेड (बीसीसीएल), ईस्टर्न कोलफील्ड लिमिटेड (ईसीएल) एवं स्टील अथॉरिटी ऑफ इंडिया लिमिटेड (सेल) के खदान क्षेत्रों में खनन कार्य समाप्त होने के उपरांत प्रभावित गांवों में सामुदायिक विकास तथा स्थानीय नागरिकों के सामाजिक-आर्थिक सशक्तिकरण पर विस्तृत चर्चा की गई।

उप विकास आयुक्त ने निर्देश दिया कि बीसीसीएल के बरोरा, ब्लॉक-2, गोविंदपुर, सिजुआ, कतरास, कुसुंडा, पुटकी बलिहारी, पश्चिमी झरिया, पूर्वी झरिया सहित ईसीएल (मुगमा) और सेल माइंस के 5 किलोमीटर के दायरे में आने वाली पंचायतों की माइंस के साथ सटीक मैपिंग कराई जाए। उन्होंने स्पष्ट किया कि सभी विकास योजनाओं का चयन और स्वीकृति ग्राम सभा के माध्यम से ही की जाए। किसी भी प्रकार के सिविल निर्माण कार्य से पहले विस्तृत चेकलिस्ट तैयार करने तथा सरकारी भूमि पर प्रस्तावित कार्यों के लिए संबंधित अंचल अधिकारी से अनिवार्य रूप से अनापत्ति प्रमाण पत्र प्राप्त करने के निर्देश दिए गए।

बैठक में विभिन्न कोलियरी क्षेत्रों द्वारा सामुदायिक कल्याण हेतु कई प्रस्ताव रखे गए। जिसमें बरोरा एरिया ने पंचायतों में सोलर लाइटिंग तथा सार्वजनिक कुंओं की मरम्मत व जीर्णोद्धार का प्रस्ताव रखा। ब्लॉक-2 एरिया ने तालाब घाटों का जीर्णोद्धार एवं सोलर लाइट अधिष्ठापन, गोविंदपुर एरिया ने बैथिंग घाट निर्माण व सोलर लाइट व्यवस्था, सिजुआ एरिया ने खेल मैदान में क्रिकेट पिच का निर्माण तथा तालाबों की सफाई व सौंदर्यीकरण का प्रस्ताव रखा। जबकि कतरास एरिया ने झिंझी पहाड़ी में योगा सेंटर की स्थापना और केशलपुर पंचायत भवन सभागार का जीर्णोद्धार, कुसुंडा एरिया ने मुक्तिधाम व तालाब जीर्णोद्धार तथा चेक डैम का निर्माण, पुटकी बलिहारी एरिया ने नेहरू पार्क में ओपन जिम की स्थापना, पूर्वी झरिया एरिया ने तालाब जीर्णोद्धार, बड़े पैमाने पर पौधारोपण तथा स्थानीय रोजगार सृजन हेतु कप-प्लेट निर्माण मशीन की स्थापना का प्रस्ताव रखा।

बैठक में उप विकास आयुक्त श्री सन्नी राज, जिला खनन पदाधिकारी श्री रितेश राज तिग्गा, बीसीसीएल के महाप्रबंधक (पर्यावरण) श्री राजन कुमार, उप प्रबंधक (पर्यावरण) श्री चिराग चोपड़ा, डीएमएफटी टीम लीडर श्री शैलेश तिवारी, बीसीसीएल के सभी 12 क्षेत्रों के प्रोजेक्ट ऑफिसर, ईस्टर्न कोलफील्ड लिमिटेड, स्टील अथॉरिटी ऑफ इंडिया लिमिटेड के पदाधिकारी एवं प्रभावित पंचायतों के मुखिया सहित अन्य संबंधित अधिकारी उपस्थित थे।

कुसुम न्यूज़ से सुंदर कुमार की खबर

Leave a comment