सेवा मेरा योगदान कार्यक्रम के तहत अपर्णा पब्लिक स्कूल जूनियर विंग में योगासन कार्यक्रम

Share This News

एकाग्र मन का संदेश, बच्चों ने लिया नियमित योगाभ्यास का संकल्प

धनबाद। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जन्मदिन के अवसर पर सेवा संकल्प अभियान के तहत ‘सेवा मेरा योगदान’ कार्यक्रम के अंतर्गत अपर्णा पब्लिक स्कूल जूनियर विंग परिसर में बुधवार को बच्चों के बीच योगासन कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में विद्यार्थियों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया और योग को नियमित रूप से अपनी दिनचर्या का हिस्सा बनाने का संकल्प लिया।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए विद्यालय की निदेशक रेणु कौशल ने कहा कि ‘सेवा मेरा योगदान’ के तहत आयोजित योगासन कार्यक्रम का उद्देश्य विद्यार्थियों और आम नागरिकों को स्वास्थ्य के प्रति जागरूक करना है। उन्होंने कहा कि “स्वस्थ शरीर में ही स्वस्थ मन का वास होता है।” स्वस्थ जीवनशैली के प्रति जागरूकता बढ़ाने में ऐसे कार्यक्रम महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं।
योग प्रशिक्षक ने बच्चों को सूर्य नमस्कार, प्राणायाम, वज्रासन और ध्यान सहित विभिन्न योगासनों एवं योगाभ्यासों का प्रशिक्षण दिया। बच्चों ने पूरे उत्साह और अनुशासन के साथ योगाभ्यास किया।
अपर्णा पब्लिक स्कूल समूह के वरिष्ठ प्रबंधक केके सिंह ने कहा कि योग केवल शारीरिक स्वास्थ्य के लिए ही नहीं, बल्कि मानसिक शांति, एकाग्रता और सकारात्मक सोच के विकास के लिए भी महत्वपूर्ण है। नियमित योगाभ्यास से विद्यार्थियों में अनुशासन और आत्मविश्वास का विकास होता है।
‘सेवा मेरा योगदान’ कार्यक्रम के धनबाद महानगर सह-संयोजक मिल्टन पार्थ सारथी ने कहा कि योग शारीरिक, मानसिक और आध्यात्मिक विकास का महत्वपूर्ण माध्यम है। यह जीवन में अनुशासन, संतुलन और सकारात्मकता स्थापित करने में सहायक होता है।
भाजपा के वरिष्ठ नेता संजय झा ने कहा कि योग तन, मन और आत्मा के बीच संतुलन स्थापित करता है। नियमित योगाभ्यास स्वस्थ एवं संतुलित जीवनशैली को बढ़ावा देता है।
कार्यक्रम में अपर्णा पब्लिक स्कूल के निदेशक करुणेश कौशल, प्राचार्य डॉ. अनुपम नायक, प्रियंका आनंद, संतोषी आनंद, अनुप्रिया सहाय, पिकु, दीप्ति लाला, नेहा और रूबी सिन्हा सहित विद्यालय के शिक्षक-शिक्षिकाएं एवं अन्य लोग उपस्थित थे।

Leave a comment