कनक रेखा ट्रस्ट के भोजन वितरण अभियान में जरूरतमंदों और श्रद्धालुओं को कराया भोजन
धनबाद। रणधीर वर्मा चौक स्थित हनुमान मंदिर परिसर में शनिवार को कनक रेखा ट्रस्ट की ओर से संचालित ‘मां की रसोई’ के तहत जरूरतमंदों एवं श्रद्धालुओं के बीच खिचड़ी और खीर का वितरण किया गया। ट्रस्ट की अध्यक्ष ललिता सिंह के नेतृत्व में आयोजित कार्यक्रम की शुरुआत बजरंगबली की पूजा-अर्चना के साथ हुई। इसके बाद श्रद्धालुओं एवं जरूरतमंदों के बीच भोजन का वितरण किया गया।
कार्यक्रम की विशिष्ट अतिथि स्मिता सिंह ने अपने हाथों से लोगों को खिचड़ी और खीर परोसी। इस अवसर पर अतिथि रंजना सिंह भी मौजूद रहीं। वही कनक रेखा ट्रस्ट की सदस्यों के द्वारा स्मिता सिंह एवं रंजना सिंह को पुष्पगुच्छ एवं अंगवस्त्र ओढ़ाकर सम्मानित किया गया। स्मिता सिंह ने कहा कि ललिता सिंह के नेतृत्व में कनक रेखा ट्रस्ट द्वारा मानव सेवा के क्षेत्र में किए जा रहे कार्य सराहनीय हैं। उन्होंने कहा कि सामाजिक एवं सेवा कार्यों में वह आगे भी ट्रस्ट के साथ सहयोग के लिए तत्पर रहेंगी।
मंदिर परिसर में पहुंचे श्रद्धालुओं ने भी जरूरतमंदों के बीच भोजन वितरण की पहल की सराहना की और ट्रस्ट के सदस्यों को शुभकामनाएं दीं।
ट्रस्ट की अध्यक्ष ललिता सिंह ने बताया कि ‘मां की रसोई’ के माध्यम से प्रत्येक शनिवार को हनुमान मंदिर परिसर में जरूरतमंदों के बीच भोजन का वितरण किया जाता है। उन्होंने बताया कि शनिवार के भोजन का सहयोग विशिष्ट अतिथि स्मिता सिंह ने किया। उन्होंने कहा कि कनक रेखा ट्रस्ट रक्तदान शिविरों के आयोजन, जरूरतमंद मरीजों की सहायता, गरीब कन्याओं के विवाह में सहयोग तथा आर्थिक रूप से कमजोर विद्यार्थियों की मदद सहित विभिन्न सामाजिक एवं सेवा कार्यों में लगातार सक्रिय है।
कार्यक्रम में ट्रस्ट की अध्यक्ष ललिता सिंह, सचिव श्यामसुंदर राय, सुषमा प्रसाद, दीपा, रोनित सिंह, रीता सिंह, अमित सिंह, अंजलि कल्याणी, शिप्रा दत्ता, मदन मोहन दत्त समेत अन्य सदस्य मौजूद रहे। सभी ने श्रद्धालुओं एवं जरूरतमंदों के बीच भोजन एवं प्रसाद वितरण में सहयोग किया।