डीएवी कोयला नगर में धूमधाम से मना शिक्षक दिवस
विद्यार्थियों की सांस्कृतिक प्रस्तुतियों ने मोहा मन, शिक्षकों ने भी दिखाई गायन प्रतिभा
धनबाद, 5 सितंबर। डीएवी पब्लिक स्कूल, कोयला नगर में शनिवार को शिक्षक दिवस समारोह हर्षोल्लास और उत्साह के साथ मनाया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ विद्यालय की प्राचार्या डोलन चंपा बनर्जी ने दीप प्रज्वलित कर किया। इसके बाद उन्होंने महान शिक्षाविद्, दार्शनिक एवं भारत के पूर्व राष्ट्रपति डॉ. सर्वपल्ली राधाकृष्णन के चित्र पर माल्यार्पण कर उन्हें श्रद्धापूर्वक नमन किया।
समारोह में कक्षा 11वीं एवं 12वीं के विद्यार्थियों ने रंगारंग सांस्कृतिक प्रस्तुतियों से सभी का मन मोह लिया। गीत-संगीत सहित विभिन्न प्रस्तुतियों के माध्यम से विद्यार्थियों ने शिक्षकों के प्रति सम्मान, स्नेह और कृतज्ञता की भावनाओं को अभिव्यक्त किया। विद्यार्थियों की प्रस्तुतियों पर शिक्षकों एवं सहपाठियों ने तालियों की गड़गड़ाहट से उनका उत्साहवर्धन किया।
कार्यक्रम का विशेष आकर्षण विद्यालय के शिक्षकों की एकल गायन प्रस्तुतियां रहीं। शिक्षकों ने मंच पर अपनी गायन प्रतिभा का प्रदर्शन कर समारोह में चार चांद लगा दिए। सहकर्मियों और विद्यार्थियों ने शिक्षकों की प्रस्तुतियों का भरपूर आनंद लिया। पूरे कार्यक्रम के दौरान विद्यालय परिसर में उत्सव और उमंग का माहौल बना रहा।
समारोह के अंत में प्राचार्या डोलन चंपा बनर्जी ने धन्यवाद ज्ञापन किया। उन्होंने सभी को शिक्षक दिवस की शुभकामनाएं देते हुए विद्यार्थियों की प्रस्तुतियों की सराहना की। साथ ही कार्यक्रम को सफल बनाने में योगदान देने वाले सभी शिक्षकों और विद्यार्थियों के प्रति आभार व्यक्त किया।
शिक्षक दिवस समारोह ने गुरु-शिष्य के पवित्र संबंध, सम्मान और संस्कार की भावना को और मजबूत किया। कार्यक्रम की जानकारी विद्यालय के मीडिया प्रभारी अनिल कुमार ने दी।
कुसुम न्यूज से सुंदर की रिपोर्ट