धनबाद:शिक्षक दिवस के अवसर पर शनिवार को लायंस क्लब ऑफ धनबाद की ओर से झरिया गुजराती हिंदी मिडिल स्कूल में शिक्षक सम्मान समारोह का आयोजन किया गया। इस दौरान हाई स्कूल एवं मिडिल स्कूल के करीब 40 शिक्षक-शिक्षिकाओं को मेमेंटो प्रदान कर सम्मानित किया गया।
कार्यक्रम की शुरुआत क्लब के सचिव लायन परेश ठक्कर ने शिक्षक दिवस की महत्ता पर प्रकाश डालते हुए की। उन्होंने बताया कि भारत में शिक्षक दिवस महान शिक्षाविद् एवं देश के पूर्व राष्ट्रपति डॉ. सर्वपल्ली राधाकृष्णन की जयंती के अवसर पर मनाया जाता है। इसके बाद विद्यालय के कुछ शिक्षक-शिक्षिकाओं ने डॉ. राधाकृष्णन के जीवन, व्यक्तित्व एवं शिक्षा के क्षेत्र में उनके योगदान पर प्रकाश डाला।
समारोह में लायंस क्लब की ओर से लायन दिलीप सुभिखी, लायन रामेश्वर प्रसाद एवं अध्यक्ष लायन यमेश त्रिवेदी ने भी अपने विचार रखे। वक्ताओं ने कहा कि शिक्षक विद्यार्थियों के जीवन को दिशा देने के साथ समाज और राष्ट्र के निर्माण में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं।
कार्यक्रम का मंच संचालन क्लब के सचिव लायन परेश ठक्कर ने किया, जबकि धन्यवाद ज्ञापन श्वेता झा ने दिया। समारोह के समापन के बाद सभी उपस्थित लोगों के लिए अल्पाहार की व्यवस्था की गई। मौके पर लायन एलसी राठी एवं मुकेश बर्मन समेत क्लब के अन्य सदस्य उपस्थित थे।
कुसुम न्यूज से सुंदर की रिपोर्ट