शिक्षकों में जज्बा हो तो शिक्षा से समाज में बड़ा बदलाव संभव : अशोक सिंह

Share This News

धनबाद:शिक्षक दिवस के अवसर पर झारखंड प्रदेश कांग्रेस के महासचिव अशोक कुमार सिंह ने कहा कि शिक्षकों में जज्बा और समर्पण हो तो शिक्षा के माध्यम से समाज में बड़ा बदलाव लाया जा सकता है। इस बदलाव में जनप्रतिनिधियों, अभिभावकों और विद्यालय प्रबंधन समिति (एसएमसी) की भूमिका भी महत्वपूर्ण है।
वे शनिवार को +2 उच्च विद्यालय, नगरकियारी में आयोजित शिक्षक दिवस समारोह को मुख्य अतिथि के रूप में संबोधित कर रहे थे। विद्यालय द्वारा विभिन्न गतिविधियों में उत्कृष्ट प्रदर्शन करते हुए जिले के गैर-आवासीय विद्यालयों में प्रथम स्थान प्राप्त करने तथा स्वतंत्रता दिवस समारोह के दौरान उपायुक्त से एक लाख रुपये का पुरस्कार एवं प्रशस्ति पत्र मिलने पर अशोक सिंह ने प्रभारी प्राचार्य डॉ. मीरा सिंह समेत सभी शिक्षकों को विशेष रूप से सम्मानित किया।
उन्होंने कहा कि ग्रामीण क्षेत्र में स्थित इस विद्यालय ने अपनी उपलब्धियों के जरिए पूरे गोविंदपुर प्रखंड का मान बढ़ाया है। उन्होंने बताया कि वर्ष 2016 से वे इस विद्यालय को गोद लेकर इसके विकास में लगातार सहयोग कर रहे हैं और भविष्य में भी उनका सहयोग जारी रहेगा।
जिला परिषद सदस्य प्रतिनिधि एजाज अहमद ने कहा कि प्रभारी प्राचार्य डॉ. मीरा सिंह के कुशल नेतृत्व में विद्यालय लगातार बेहतर प्रदर्शन कर रहा है। उन्होंने विद्यालय की उपलब्धियों की सराहना करते हुए शिक्षकों और विद्यार्थियों को बधाई दी।
समारोह में एसएमसी अध्यक्ष प्रदीप मोदी, उपाध्यक्ष गुलाबी देवी, प्रद्युम्न लायक, विपिन मंडल, अशोक मालाकार, अजय मालाकार समेत दर्जनों अभिभावक उपस्थित थे।

Leave a comment