आरबीएसके शिविर में 4 वर्षीय बच्ची के क्लब फुट का हुआ सफल ऑपरेशन

Share This News

अब दूसरे बच्चों की तरह मेरी बच्ची भी खेलेगी-कुदेगी – गुड़िया देवी

उपायुक्त सह जिला दंडाधिकारी श्री आदित्य रंजन के निर्देशानुसार राष्ट्रीय बाल स्वास्थ्य कार्यक्रम (आरबीएसके) के तहत सदर अस्पताल में आयोजित विशेष चिकित्सा शिविर में तोपचांची प्रखंड की 4 वर्षीय मासूम प्रिया कुमारी के क्लब फुट (टेढ़े पैर) का नि:शुल्क एवं सफल ऑपरेशन किया गया। इस सफल सर्जरी के बाद अब बच्ची सामान्य बच्चों की तरह जमीन पर सीधा पैर रखकर चलने में सक्षम हो सकेगी।

अपनी बच्ची के सफल ऑपरेशन के बाद तोपचांची प्रखंड अंतर्गत भुइंया चित्रो पंचायत के रहमत नगर निवासी गुड़िया देवी ने बताया कि उनकी चार वर्षीय बेटी प्रिया जन्म से ही क्लब फुट की समस्या से पीड़ित थी और उसका बायां पैर सीधा नहीं था। कमजोर आर्थिक स्थिति के चलते वे उसका समुचित इलाज कराने में असमर्थ थीं। इसी दौरान तोपचांची के आरबीएसके मेडिकल ऑफिसर डॉ. रंजीत कुमार ने परिवार से संपर्क कर सदर अस्पताल में आयोजित होने वाले विशेष शिविर की जानकारी दी।

13 अगस्त को डॉ. रंजीत कुमार के साथ बच्ची को शिविर में लाया गया, जहां विशेषज्ञ डॉक्टरों की टीम ने जांच के बाद सफलतापूर्वक ऑपरेशन किया। ऑपरेशन के बाद 2 दिनों तक अस्पताल में डॉक्टरों की देखरेख में रखने के उपरांत 15 अगस्त को बच्ची को स्वस्थ स्थिति में डिस्चार्ज कर दिया गया। राष्ट्रीय बाल स्वास्थ्य कार्यक्रम के तहत यह संपूर्ण उपचार पूरी तरह नि:शुल्क प्रदान किया गया।

डॉ. रंजीत कुमार ने जानकारी दी कि आरबीएसके टीम क्षेत्र में जन्मजात विकृतियों से जूझ रहे बच्चों की लगातार पहचान कर रही है। इस शिविर में वे, डॉ. निशांत कुमार और डॉ. जाकिर हुसैन संयुक्त रूप से कई जरूरतमंद बच्चों को उपचार हेतु लेकर आए, जहां सभी का सफल इलाज किया गया।

बच्ची की मां गुड़िया देवी ने इस सफल उपचार के लिए माननीय मुख्यमंत्री श्री हेमंत सोरेन, माननीय स्वास्थ्य मंत्री डॉ इरफान अंसारी, उपायुक्त श्री आदित्य रंजन, स्वास्थ्य विभाग और आरबीएसके टीम का आभार व्यक्त किया। उन्होंने हर्ष व्यक्त करते हुए कहा कि अब दूसरे बच्चों की तरह मेरी बच्ची भी खेलेगी-कुदेगी।

Leave a comment