झारखंड पशु चिकित्सा सेवा संघ, जिला शाखा, धनबाद ने आज जिला पशुपालन पदाधिकारी डॉ ब्रजेश कुमार के नेतृत्व में उपायुक्त सह जिला दंडाधिकारी श्री आदित्य रंजन से मुलाकात की।
इस क्रम में संघ ने बलियापुर के प्रभारी पशु चिकित्सा पदाधिकारी डॉ. प्रेमचंद साव के साथ सरकारी कर्तव्यों के निर्वहन के दौरान हुई मारपीट, अभद्र व्यवहार, जान से मारने की धमकी एवं सरकारी कार्य में बाधा उत्पन्न किए जाने की घटना की विस्तृत जानकारी दी।
संघ ने जिला प्रशासन एवं पुलिस प्रशासन से मांग की कि घटना में शामिल सभी आरोपियों को अविलंब गिरफ्तार कर उनके विरुद्ध सुसंगत कानूनी धाराओं के अंतर्गत कठोर एवं त्वरित कार्रवाई सुनिश्चित की जाए।
साथ ही मामले की निष्पक्ष एवं समयबद्ध जांच कर दोषियों को शीघ्र दंड दिलाया जाए। भविष्य में इस प्रकार की घटनाओं की पुनरावृत्ति न हो इसलिए पशुपालन विभाग के अधिकारियों एवं कर्मचारियों की सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए प्रभावी सुरक्षा व्यवस्था एवं स्पष्ट कार्यस्थल सुरक्षा प्रोटोकॉल लागू करने का अनुरोध किया।