मतदाता सूची को पूरी तरह से शुद्ध और अपडेटेड बनाने के उद्देश्य से ‘विशेष गहन पुनरीक्षण कार्यक्रम चलाया जा रहा है। इसी सिलसिले में आज उप निर्वाचन पदाधिकारी, मुख्यालय, मंत्रिमंडल (निर्वाचन) झारखंड, रांची श्री धीरज कुमार ठाकुर ने झरिया तथा धनबाद विधानसभा क्षेत्रों का दौरा किया और बीएलओ सुपरवाइजरों के साथ समीक्षा बैठक की।
बैठक के दौरान उप निर्वाचन पदाधिकारी ने विशेष गहन पुनरीक्षण कार्य की बिंदुवार समीक्षा की और अधिकारियों व सुपरवाइजरों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
उन्होंने निर्देश दिया कि सभी घरों का बीएलओ द्वारा शत-प्रतिशत भौतिक सत्यापन सुनिश्चित किया जाए, ताकि कोई भी योग्य नागरिक मतदाता सूची में नाम जुड़वाने से वंचित न रहे। साथ में मतदाता सूची से एब्सेंट, शिफ्टेड, डुप्लीकेट और मृत मतदाताओं के नाम हटाने की प्रक्रिया को पूरी पारदर्शिता और नियमों के तहत तेजी से पूरा करने का निर्देश दिया।
बीएलओ सुपरवाइजरों को हिदायत दी गई कि वे अपने अधीन आने वाले सभी बूथों के कार्यों की लगातार मॉनिटरिंग करें और बीएलओ द्वारा कलेक्ट किए जा रहे डेटा की रैंडम जांच अवश्य करें।
उन्होंने कहा कि स्वच्छ, त्रुटिहीन और पारदर्शी मतदाता सूची ही मजबूत लोकतंत्र की बुनियाद है। इस कार्य में किसी भी स्तर पर लापरवाही नहीं करें। सभी सुपरवाइजर और बीएलओ आपसी समन्वय के साथ तय समय सीमा के भीतर इस गहन पुनरीक्षण कार्य को सफलतापूर्वक पूरा करें।
बैठक में उप निर्वाचन पदाधिकारी श्री कालिदास मुंडा, निर्वाचक निबंधन पदाधिकारी धनबाद सह अनुमंडल दंडाधिकारी श्री लोकेश बारंगे, निर्वाचक निबंधन पदाधिकारी झरिया सह एडीएम लॉ एंड ऑर्डर श्री अरविंद कुमार ओझा, दोनों विधानसभा के सहायक निर्वाचक निबंधन पदाधिकारी सहित झरिया और धनबाद विधानसभा क्षेत्र के बीएलओ सुपरवाइजर उपस्थित थे।