धनबाद : कोयलांचल के अग्रणी शैक्षणिक संस्थान डीएवी पब्लिक स्कूल, कोयला नगर के प्रांगण में बुधवार को ‘आर्य युवा समाज’ के तत्वावधान में आयोजित भव्य “51 कुंडीय महायज्ञ (हवन)-सह-प्रतिभा सम्मान समारोह” और ‘चरित्र निर्माण शिविर’ का गरिमामयी समापन हुआ। ‘वैदिक ज्ञान के माध्यम से युवा सशक्तिकरण’ की मूल भावना पर आधारित इस कार्यक्रम में वैदिक ऋचाओं और मंत्रोचार के बीच समाज को एक नई और सकारात्मक दिशा देने का सामूहिक संकल्प लिया गया।शिविर का मुख्य आकर्षण युवाओं को नशे की कुरीतियों से दूर रखने के लिए चलाया गया ‘नो नशा नेशन’ अभियान रहा। कार्यक्रम में उपस्थित हजारों विद्यार्थियों ने एक स्वर में “युवा शक्ति का यही है नारा, नशा मुक्त हो हिन्दुस्तान हमारा” का उद्घोष किया। इस अभियान के जरिए विद्यार्थियों को मानसिक व शारीरिक रूप से मजबूत बनने, नैतिक मूल्यों को अपनाने और एक सशक्त समाज के निर्माण में अपनी भागीदारी सुनिश्चित करने के लिए प्रेरित किया गया।