धनबाद :धनबाद जिले के लिए गर्व की बात है कि जमुई के पैतृक निवासी एवं वर्तमान में हीरापुर स्थित प्रोफेसर कॉलोनी, चीरागोड़ा धनबाद में रहने वाले शुभम कुमार का चयन बिहार लोक सेवा आयोग (बीपीएससी) परीक्षा में 95वीं रैंक के साथ सदर अनुमंडल दंडाधिकारी (एसडीएम) पद पर हुआ है। उनकी इस उपलब्धि से परिवार, शुभचिंतकों तथा पूरे क्षेत्र में हर्ष का माहौल है।
शुभम कुमार के दादा भगवान लाल बरनवाल तथा पिता प्रदीप बरनवाल हैं। उनकी माता उषा देवी हैं। परिवार मूल रूप से जमुई जिले के झुण्डों खेरा क्षेत्र के निवासी है। उनके पिता हीरापुर के पार्क मार्केट स्थित माधव अपार्टमेंट में व्यवसाय करते हैं।
शुभम की प्रारंभिक शिक्षा धनबाद में हुई। उन्होंने वर्ष 2013 में जीजीसीईटी सेंट जेवियर्स स्कूल से मैट्रिक तथा इंटरमीडिएट की पढ़ाई पूरी की। इसके बाद उन्होंने दिल्ली विश्वविद्यालय के केशव महाविद्यालय से कंप्यूटर साइंस
में स्नातक किया। स्नातक के बाद उन्होंने दिल्ली में रहकर संघ लोक सेवा आयोग (यूपीएससी) की तैयारी की और दो वर्ष पूर्व केंद्रीय सिविल सेवा परीक्षा के साक्षात्कार चरण तक पहुंचने में सफलता प्राप्त की थी।
बाद में उन्होंने सेवा कर अधिकारी के रूप में गुजरात में अपनी सेवाएं दीं। वर्तमान में वे सीबीएसई के पटना जोन में अधीक्षक के पद पर कार्यरत हैं। लगातार मेहनत, लगन और दृढ़ संकल्प के बल पर उन्होंने बीपीएससी परीक्षा में सफलता हासिल कर एसडीएम पद प्राप्त किया है।
बरनवाल युवा मंच धनबाद ने शुभम कुमार को बीपीएससी में 95 वा स्थान लाने पर इन्हें और इनके माता पिता को शॉल मोमेंटो एवं बुके देकर सम्मानित किया।बरनवाल युवा मंच धनबाद के अध्यक्ष मनोज कुमार बरनवाल ने उन्हें बधाई देते हुए इनके उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएं दी। सउनकी उपलब्धि को युवाओं के लिए प्रेरणादायक बताते हुए कहा कि कठिन परिश्रम और निरंतर प्रयास से किसी भी लक्ष्य को हासिल किया जा सकता है। शुभम की इस सफलता से धनबाद और जमुई दोनों क्षेत्रों का नाम गौरवान्वित हुआ है। आज के इस सम्मान समारोह में युवा मंच के संरक्षक भुनेश्वर प्रसाद बरनवाल,पूर्व अध्यक्ष समरेंद्र प्रसाद,सचिव नागेन्द्र बरनवाल,पूर्व सचिव सुनील कुमार बरनवाल,बिपिन बरनवाल,कुंदन बरनवाल,ललन बरनवाल, एवं युवा मंच के अध्यक्ष एवं झारखंड प्रदेश कार्यसमिति सदस्य मनोज कुमार बरनवाल उपस्थित थे।