इलेक्ट्रॉनिक और आईसीटी अकैडमी के अंतर्गत फैकेल्टी डेवलपमेंट प्रोग्राम के तहत सी-डैक, पटना द्वारा आज से राजकीय पॉलिटेक्निक में पांच दिवसीय प्रशिक्षण कार्यशाला का शुभारंभ किया गया।
इसकी जानकारी देते हुए उपायुक्त सह जिला दंडाधिकारी श्री आदित्य रंजन ने बताया कि कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस से संबंधित आईसीटी के उभरते क्षेत्रों में प्रोफेसर, फैकल्टी, मेंटर्स व प्रशिक्षकों के प्रगतिशील विकास और प्रतिस्पर्धात्मकता को बढ़ावा देना है।
उन्होंने बताया कि कार्यशाला का आयोजन 22 से 27 जून तक सुबह 10 बजे से संध्या 5 बजे तक राजकीय पॉलीटेक्निक में किया जा रहा है। इसमें धनबाद, भागा एवं निरसा के राजकीय पॉलिटेक्निक, आईटीआई धनबाद, पीके रॉय मेमोरियल कॉलेज, गुरु नानक कॉलेज तथा जिला शिक्षा पदाधिकारी कार्यालय के प्रतिभागियों को प्रशिक्षण दिया जा रहा है।
कार्यशाला में सी-डैक, पटना के साइंटिस्ट ‘बी’ श्री रंजन कुमार, सीनियर प्रोजेक्ट इंजीनियर श्री हृदय राम वर्मा व प्रोजेक्ट इंजीनियर श्री आदित्य शर्मा ने विभिन्न विषयों पर प्रशिक्षण दिया। मौके पर जिला सूचना एवं विज्ञान पदाधिकारी श्रीमती सुनीता तुलसियान भी मौजूद थी।