धनबाद :शनिवार को सायं 7:30 बजे विवेकानंद मंच, हरिमंदिर, धनबाद में आरोहण सामाजिक संस्था द्वारा रवींद्र एवं नज़रुल जयंती के उपलक्ष्य में रवींद्र-नज़रुल संध्या का भव्य आयोजन किया गया।
कार्यक्रम का शुभारंभ विभिन्न विद्यालयों से आए प्रधानाचार्यों द्वारा दीप प्रज्ज्वलन के साथ हुआ। तत्पश्चात रवींद्र संगीत “हे नूतन, देखा दीख आर बार” की मनमोहक प्रस्तुति दी गई।
कार्यक्रम के प्रारंभिक चरण में आरोहण समूह द्वारा गुरुदेव रवींद्रनाथ ठाकुर की कविता सामान्य क्षति को गीत एवं नृत्य के माध्यम से अत्यंत सराहनीय ढंग से प्रस्तुत किया गया। कार्यक्रम के द्वितीय चरण में काजी नज़रुल इस्लाम की रचनाओं पर आधारित गीत, कविताएँ एवं नृत्य प्रस्तुत किए गए, जिन्हें दर्शकों ने खूब सराहा।
कार्यक्रम का संचालन आरोहण समूह की संस्थापक समीता भट्टाचार्य ने किया। वहीं नृत्य निर्देशन में संचिता बक्शी ने महत्वपूर्ण सहयोग प्रदान किया।
इस आयोजन को सफल बनाने में आरोहण समूह के सभी सदस्यों ने सराहनीय योगदान दिया। कार्यक्रम के अंत में धन्यवाद ज्ञापन करते हुए संस्था की संस्थापक समीता भट्टाचार्य ने उपस्थित दर्शकों, कलाकारों एवं सभी सदस्यों के प्रति आभार व्यक्त किया।