जिला परिषद सदस्यों ने उठाए सवाल, बोर्ड की सहमति से निर्णय लेने की मांग

Share This News

धनबाद। जिला परिषद कार्यालय में बुधवार को जिला परिषद सदस्य विकास महतो समेत अन्य सदस्यों ने संयुक्त रूप से प्रेस वार्ता कर जिला परिषद की संपत्तियों और निर्णय प्रक्रिया को लेकर अपनी आपत्ति जताई। इस दौरान सदस्यों ने कहा कि जिला परिषद से जुड़े सभी निर्णय बोर्ड की बैठक में सामूहिक सहमति से लिए जाने चाहिए।

जिला परिषद सदस्य विकास महतो ने कहा कि हाल ही में जिला परिषद उपाध्यक्ष सरिता देवी के पति सुभाष रवानी द्वारा उपाध्यक्ष आवास में प्रेस वार्ता कर कई जानकारियां साझा की गईं, जो तथ्यात्मक रूप से गलत हैं और लोगों को भ्रमित करने का प्रयास किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि जिला परिषद की ओर से होने वाले शिलान्यास कार्यक्रमों में 2 बार सदस्यों को न तो बुलाया गया और न ही इसकी जानकारी दी गई।

उन्होंने आरोप लगाया कि सुभाष रवानी स्वयं को सांसद प्रतिनिधि बताते हुए सांसद और विधायक से शिलान्यास कार्यक्रम करवा रहे हैं, जबकि जिला परिषद से जुड़े किसी भी कार्य का निर्णय बोर्ड की बैठक में होना चाहिए।उन्होंने कांग्रेस भवन की जमीन को लेकर भी सवाल उठाए। उन्होंने कहा कि जिस जमीन पर कांग्रेस भवन बना है, वह जिला परिषद की संपत्ति है। ऐसे में उससे संबंधित कोई भी निर्णय बोर्ड की सहमति से लिया जाना चाहिए।

सदस्यों ने यह भी सवाल उठाया कि किस आधार पर उपाध्यक्ष के सरकारी बंगले में प्रेस वार्ता आयोजित की जा रही है और सुभाष रवानी वहां बैठकर जिला परिषद से जुड़े मामलों पर बयान दे रहे हैं।

Leave a comment