वासेपुर में गैंगस्टर प्रिंस खान के घर कुर्की-जप्ती, बैंक मोड़ थाना और भूली ओपी पुलिस की संयुक्त कार्रवाई

Share This News

धनबाद : गैंगस्टर प्रिंस खान के वासेपुर स्थित आवास पर शुक्रवार को बैंक मोड़ थाना और भूली ओपी पुलिस ने संयुक्त रूप से कुर्की-जप्ती की कार्रवाई की। यह कार्रवाई धनबाद न्यायालय द्वारा जारी समन के आलोक में की गई। भारी संख्या में पुलिस बल की मौजूदगी में पूरी प्रक्रिया को अंजाम दिया गया।

पुलिस अधिकारियों ने बताया कि प्रिंस खान लंबे समय से फरार चल रहा है और उसके खिलाफ हत्या, रंगदारी, धमकी, फायरिंग सहित कई गंभीर मामले विभिन्न थानों में दर्ज हैं। न्यायालय में लगातार उपस्थित नहीं होने के कारण कोर्ट द्वारा कुर्की-जप्ती का आदेश जारी किया गया, जिसके बाद पुलिस टीम उसके आवास पहुंची।

इससे पहले भी पुलिस कई बार प्रिंस खान के ठिकानों पर कुर्की-जप्ती की कार्रवाई कर चुकी है, लेकिन अब तक वह पुलिस गिरफ्त से बाहर है। पुलिस का दावा है कि वर्तमान में प्रिंस खान पाकिस्तान में छिपकर रह रहा है और वहीं से अपने नेटवर्क का संचालन कर रहा है।

पुलिस अधिकारियों ने कहा कि प्रिंस खान के गिरोह के खिलाफ लगातार अभियान चलाया जा रहा है। उसके गुर्गों और सहयोगियों पर भी कार्रवाई तेज कर दी गई है। हाल के दिनों में उसके नेटवर्क से जुड़े कई लोगों को गिरफ्तार किया गया है, जबकि कई संदिग्धों से पूछताछ भी जारी है।

Leave a comment