धनबाद में जन भागीदारी के माध्यम से तालाबों को बचाने और साफ-सफाई को बढ़ावा देने के उद्देश्य से रानीबांध तालाब में विशेष सफाई अभियान चलाया गया। इस अभियान में एसएसपी प्रभात कुमार, उपायुक्त आदित्य रंजन, एसडीओ, नगर आयुक्त, डीडीसी समेत कई प्रशासनिक पदाधिकारी शामिल हुए और खुद सफाई कार्य में भाग लेकर लोगों को स्वच्छता का संदेश दिया।अधिकारियों ने बताया कि इस पहल के तहत वार्ड पार्षद अपने-अपने क्षेत्र के सबसे गंदे तालाब का चयन करेंगे। चयनित तालाबों की सफाई जन भागीदारी से कराई जाएगी, ताकि स्थानीय लोग भी अपने जल स्रोतों के संरक्षण के लिए आगे आएं। उन्होंने कहा कि तालाबों की सफाई को लेकर लोगों में जागरूकता बढ़ाना बेहद जरूरी है।सफाई अभियान के दौरान अधिकारियों ने तालाब के बाउंड्री वॉल के आसपास पौधारोपण भी किया, जिससे पर्यावरण संरक्षण को बढ़ावा मिल सके। प्रशासन ने यह भी निर्णय लिया है कि हर महीने पार्षदों द्वारा चिन्हित स्थानों पर जिला प्रशासन की टीम सफाई अभियान चलाएगी।साथ ही इस कार्य को देखते हुए वार्डों की रैंकिंग भी तय की जाएगी और बेहतर कार्य करने वाले वार्डों में अलग से योजना के तहत विकास कार्य किए जाएंगे। अधिकारियों ने लोगों से अपील की कि वे तालाबों को गंदा न करें और उनके संरक्षण में सहयोग दें, क्योंकि बढ़ती जनसंख्या और तेजी से हो रहे निर्माण कार्यों के कारण तालाबों का अस्तित्व धीरे-धीरे खत्म होता जा रहा है।