रांची (RANCHI):
झारखंड में मौसम ने एक बार फिर करवट ली है और ठंड का असर दोबारा बढ़ने लगा है। राजधानी रांची में बीते 24 घंटों के दौरान न्यूनतम तापमान 9 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जिससे लोगों को फिर से ठिठुरन का एहसास होने लगा है।
पिछले कुछ दिनों से तापमान में बढ़ोतरी के कारण ठंड से राहत मिल रही थी, लेकिन उत्तर भारत और दिल्ली-एनसीआर में हो रही बारिश का प्रभाव अब झारखंड तक पहुंच गया है। इसके चलते राज्य के कई हिस्सों में तापमान में 3 से 4 डिग्री तक की गिरावट दर्ज की गई है।
कई जिलों में बारिश के आसार
मौसम विभाग के अनुसार, आज गढ़वा, चतरा, पलामू और लातेहार जिलों में हल्की से मध्यम बारिश होने की संभावना है। इन क्षेत्रों में लगभग 25 प्रतिशत तक वर्षा का अनुमान लगाया गया है। बारिश के चलते इन जिलों में न्यूनतम तापमान 8 से 9 डिग्री तक गिर सकता है, जिससे ठंड और तेज़ हो जाएगी।
मध्य झारखंड में ठंडी हवाओं का असर
सेंट्रल झारखंड के जिलों—रांची, बोकारो, हजारीबाग, रामगढ़ और खूंटी—में भी मौसम का प्रभाव साफ तौर पर देखा जा रहा है। यहां भले ही बारिश की संभावना कम हो, लेकिन बादलों की आवाजाही और ठंडी हवाओं के कारण तापमान में गिरावट बनी रहेगी।
आगे कैसा रहेगा मौसम
मौसम विभाग का कहना है कि जहां हाल के दिनों में न्यूनतम तापमान 14 डिग्री तक पहुंच गया था, वहीं अब इसके 9 से 11 डिग्री के बीच बने रहने की संभावना है।
बताया गया है कि 30 जनवरी तक पलामू और लातेहार जैसे इलाकों में हल्की बारिश जारी रह सकती है, जबकि मध्य झारखंड में शाम और रात के समय कड़ाके की ठंड महसूस की जाएगी।
हालांकि, 30 जनवरी के बाद मौसम में धीरे-धीरे सुधार होने की उम्मीद है। इसके साथ ही न्यूनतम तापमान में 4 से 5 डिग्री की बढ़ोतरी हो सकती है और तापमान 14 से 15 डिग्री सेल्सियस के आसपास पहुंचने का अनुमान है।