“मारवाड़ी युवा मंच झरिया शाखा की पहल, ‘नृत्यायन डांस एकेडमी’ का हुआ भव्य उद्घाटन”

Share This News

बालिकाओं और महिलाओं को सशक्त बनाने की दिशा में नई पहल

झरिया (JHARIA):
मारवाड़ी युवा मंच, झरिया शाखा की ओर से हेटलीबांध, झरिया में नृत्यायन डांस एकेडमी का शुभारंभ भव्य और गरिमामय समारोह के साथ किया गया। कार्यक्रम का माहौल उत्साह और सकारात्मक ऊर्जा से भरा रहा। उद्घाटन समारोह में अखिल भारतीय मारवाड़ी युवा मंच के राष्ट्रीय अध्यक्ष सुरेश एम. जैन मुख्य अतिथि के रूप में मौजूद रहे और उन्होंने विधिवत रूप से एकेडमी का उद्घाटन किया।

इस अवसर पर कई विशिष्ट अतिथि भी मंचासीन रहे, जिनमें मारवाड़ी सम्मेलन झरिया के अध्यक्ष राजकुमार अग्रवाल, झारखंड प्रांतीय मारवाड़ी युवा मंच के अध्यक्ष विशाल पाडिया, प्रांतीय कोषाध्यक्ष विकास झाझरिया, मंडलीय उपाध्यक्ष नरेश केजरीवाल और झरिया शाखा के अध्यक्ष डॉ. मनीष शर्मा शामिल थे। सभी अतिथियों ने संयुक्त रूप से फीता काटकर नृत्यायन डांस एकेडमी का उद्घाटन किया।

नृत्यायन डांस एकेडमी में प्रशिक्षिका के रूप में कुमुद कुमारी अपनी सेवाएं देंगी, जो भरतनाट्यम में स्नातक हैं। यहां भरतनाट्यम के साथ-साथ सेमी-क्लासिकल, लोक नृत्य, बॉलीवुड डांस और जुम्बा जैसी गतिविधाओं का प्रशिक्षण दिया जाएगा। यह संस्थान विशेष रूप से बालिकाओं और महिलाओं के लिए समर्पित है, जहां न्यूनतम शुल्क में उच्च स्तरीय प्रशिक्षण उपलब्ध कराया जाएगा।

कार्यक्रम के दौरान राष्ट्रीय अध्यक्ष सुरेश एम. जैन और प्रांतीय अध्यक्ष विशाल पाडिया का अभिनंदन भी किया गया। अपने संबोधन में प्रांतीय अध्यक्ष विशाल पाडिया ने झरिया शाखा की सक्रियता की सराहना करते हुए कहा कि यह शाखा संगठन द्वारा सौंपे गए सभी कार्यक्रमों को पूरी निष्ठा और जिम्मेदारी के साथ सफलतापूर्वक संपन्न कर रही है। उन्होंने बताया कि मौजूदा सत्र में झरिया शाखा ने आठ राष्ट्रीय स्तर के कार्यक्रमों का आयोजन किया है।

वहीं राष्ट्रीय अध्यक्ष सुरेश एम. जैन ने झरिया शाखा में सदस्यों की बढ़ती भागीदारी को संगठन की मजबूती का प्रतीक बताया और शाखा के प्रयासों की प्रशंसा की।

कार्यक्रम का संचालन संयुक्त सचिव सन्नी अग्रवाल ने कुशलता से किया। समारोह में मंडलीय सहायक मंत्री राजीव सवंतिया, पूर्व अध्यक्ष रमेश बंसल सहित अनेक पदाधिकारी, शाखा अध्यक्ष, सचिव, कोषाध्यक्ष, विभिन्न शाखाओं के प्रतिनिधि एवं बड़ी संख्या में सदस्यगण उपस्थित रहे।

समापन अवसर पर शाखा सचिव दीपक अग्रवाल ने सभी अतिथियों और उपस्थित सदस्यों का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि नृत्यायन डांस एकेडमी के माध्यम से झरिया की बालिकाओं और महिलाओं को कला, आत्मविश्वास और स्वस्थ जीवनशैली से जोड़ने का यह प्रयास समाज के समग्र विकास में अहम भूमिका निभाएगा।

Leave a comment