धनबाद नगर निगम चुनाव 2026 की सरगर्मियां तेज हो गई हैं। इसी सिलसिले में वार्ड नंबर 6, सिजुआ बस्ती 12 नंबर में जेएलकेएम पार्टी की एक महत्वपूर्ण बैठक हुई। इस बैठक का मुख्य उद्देश्य मेयर प्रत्याशी प्रकाश महतो और पार्षद प्रत्याशी अंजु दीपक महतो को वार्ड 6 से भारी मतों से विजई बनाने के लिए ठोस चुनावी रणनीति तैयार करना था। बैठक में पार्टी के दिग्गज नेताओं ने कार्यकर्ताओं में जोश भरा। स्व. दीपक महतो के भाई रोशन महतो ने बताया कि मेरा भैया दीपक महतो हमेशा से ही सामाजिक कार्य में बढ़-चढ़कर हिस्सा लेते थे। भाषा और संस्कृति को प्रोत्साहित करने के लिए टुशू प्रतियोगिता का प्रत्येक साल आयोजन करवाते थे। बच्चों व युवाओं को खेलने के लिए खेल सामग्री आदि निरंतर वितरण करते थे। सबसे खास बात यह है कि वह सांसद प्रतिनिधि का पोस्ट छोड़कर जेएलकेएम पार्टी में समाज सेवा के लिए शामिल हुए थे।समीक्षा बैठक में जिलाध्यक्ष शक्ति दा, केंद्रीय उपाध्यक्ष दीपक रवानी और केंद्रीय प्रवक्ता सुशील मंडल ने आगामी चुनाव के लिए जीत का मंत्र दिया। महिला मोर्चा की ओर से सुनीता महतो, कुंती महतो और स्नेहा रानी सहित कई पदाधिकारियों ने अपनी उपस्थिति दर्ज कराई। धनबाद नगर निगम सीट इस बार अनारक्षित है, जिससे मुकाबला काफी दिलचस्प होने की उम्मीद है। जहां भाजपा, झामुमो सहित अन्य पार्टियों ने भी अपनी दावेदारी पेश की है, वहीं जेएलकेएम अपनी जमीनी पकड़ मजबूत करने में जुटी है।