धनबाद:नारायणी चैरिटेबल ट्रस्ट द्वारा संचालित दिव्यांग बच्चों के स्कूल पहला कदम में सोमवार को स्वास्थ्य जांच शिविर का आयोजन किया गया। इस शिविर का संचालन सीएचसी सदस्य डॉ. अलका सिंह द्वारा किया गया।
उल्लेखनीय है कि यह स्वास्थ्य जांच शिविर नियमित रूप से आयोजित किया जाता है। शिविर के दौरान डॉ. अलका सिंह ने बच्चों की सामान्य स्वास्थ्य जांच की तथा बदलते मौसम में होने वाली बीमारियों जैसे सर्दी-जुकाम, वायरल बुखार, दस्त एवं डेंगू से बचाव के उपायों की जानकारी दी। उन्होंने बच्चों एवं अभिभावकों को स्वच्छता बनाए रखने, गंदे पानी से बचने तथा उबला हुआ पानी पीने की सलाह दी।
इस अवसर पर ट्रस्ट की सचिव अनीता अग्रवाल ने डॉ. अलका सिंह के प्रति आभार व्यक्त करते हुए कहा कि इस प्रकार के नियमित स्वास्थ्य जांच शिविर दिव्यांग बच्चों के स्वास्थ्य के प्रति जागरूकता बढ़ाने एवं समय पर उपचार सुनिश्चित करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं।