आयुष्मान योजना से महिला का सफलतापूर्वक संपन्न हुआ जटिल ऑपरेशन

Share This News

आर्थिक रूप से कमजोर एक महिला को आज आयुष्मान योजना से सहारा मिला और सदर अस्पताल में उनका जटिल ऑपरेशन सफलतापूर्वक संपन्न हुआ।

इसकी जानकारी देते हुए अस्पताल के उपाधीक्षक डॉ संजीव कुमार ने बताया कि गोमो निवासी मंजु देवी (उम्र 51 वर्ष), पति श्री मोहन रवानी ( ट्रेक्टर चालक) पिछले दो वर्षों से गुप्तांगों में तेज दर्द से पीड़ित थीं। पिछले तीन महीनों से उनकी बच्चादानी शरीर से बाहर आने लगी थी, जिससे उन्हें अत्यधिक पीड़ा और दैनिक जीवन में कठिनाइयों का सामना करना पड़ रहा था। आर्थिक रूप से कमजोर होने के कारण वे लंबे समय तक इलाज नहीं करा सकती थी।

पीड़ित महिला ने अपनी समस्या क्षेत्र की सहिया को बताई। सहिया ने सदर अस्पताल में उपलब्ध स्त्री रोग सेवाओं की जानकारी दी और सहिया के माध्यम से मरीज को सदर अस्पताल लाया गया।

मरीज ने स्त्री रोग विशेषज्ञ डॉ. संजीव कुमार प्रसाद से परामर्श लिया, जिसके बाद ऑपरेशन की सलाह दी गई।

दिनांक 07 जनवरी 2026 को डॉ. संजीव के नेतृत्व में‌ बच्चेदानी निकालने का ऑपरेशन सफलतापूर्वक किया गया।

इस शल्य चिकित्सा में निश्चेतक डॉ. आनंद, ओटी असिस्टेंट संजीत कुमार एवं शशिकांत की महत्वपूर्ण भूमिका रही। वहीं ऑपरेशन के बाद मरीज की स्थिति संतोषजनक है और वे तेजी से स्वस्थ हो रही हैं।

मरीज एवं उनके परिजनों ने सफल इलाज के लिए जिला प्रशासन, सदर अस्पताल एवं चिकित्सक दल के प्रति आभार व्यक्त किया। यह उपचार गरीब एवं जरूरतमंद महिलाओं के लिए सरकारी स्वास्थ्य सेवाओं की संवेदनशीलता और प्रतिबद्धता का उत्कृष्ट उदाहरण है।

Leave a comment