वीर बाल दिवस पर धनबाद में भव्य शोभा यात्रा, विधायक राज सिन्हा ने वीर साहिबजादों को अर्पित किया श्रद्धांजलि

Share This News

धनबाद (DHANBAD): वीर बाल दिवस के शुभ अवसर पर झारखंड विधानसभा के सचेतक सह धनबाद विधायक राज सिन्हा ने जोड़ाफाटक स्थित गुरुद्वारा श्री गुरु सिंह सभा से निकाली गई भव्य शोभा यात्रा में सहभागिता कर वीर साहिबजादों को श्रद्धापूर्वक नमन किया।

इस मौके पर विधायक राज सिन्हा ने सिखों के दसवें गुरु श्री गुरु गोबिंद सिंह जी के छोटे पुत्र साहिबजादे बाबा जोरावर सिंह जी एवं बाबा फतेह सिंह जी के अद्वितीय साहस, त्याग और बलिदान को स्मरण किया। उन्होंने कहा कि अल्पायु में भी अत्याचार के सामने न झुककर साहिबजादों ने सत्य, धर्म और आत्मसम्मान की रक्षा हेतु जो सर्वोच्च बलिदान दिया, वह देश और समाज के लिए सदैव प्रेरणास्रोत बना रहेगा।

विधायक ने कहा कि वीर बाल दिवस हमें अपनी सांस्कृतिक विरासत, धार्मिक मूल्यों और राष्ट्रप्रेम को मजबूत करने की प्रेरणा देता है। उन्होंने युवाओं से आह्वान किया कि वे वीर साहिबजादों के जीवन से प्रेरणा लेकर समाज और राष्ट्र निर्माण में सक्रिय भूमिका निभाएं।

शोभा यात्रा में सिख समाज के गणमान्य व्यक्तियों, श्रद्धालुओं और स्थानीय नागरिकों की बड़ी भागीदारी रही। पूरे मार्ग में “जो बोले सो निहाल, सत श्री अकाल” के जयघोष से वातावरण श्रद्धा और उत्साह से गूंजता रहा।

इस अवसर पर प्रीतपाल सिंह आजमानी, राजा राजपाल सिंह सहित सैकड़ों लोग उपस्थित रहे।

Leave a comment