Breaking News

धनबाद में एजीचर्च के प्रबंधन को लेकर दो पक्षों में तीखा विवाद, मारपीट तक पहुँची नौबत

Share This News

आसनसोल (ASANSOL): एलआईसी मोड़ स्थित एजी चर्च में प्रबंधन अधिकार को लेकर रविवार को दो गुटों के बीच भारी तनाव फैल गया। लंबे समय से चल रहे विवाद ने अचानक उग्र रूप ले लिया और दोनों पक्षों के सदस्यों में मारपीट हो गई। झड़प के दौरान न केवल कई पुरुष घायल हुए, बल्कि कुछ महिलाएँ भी चोटिल हो गईं।

सूत्रों के अनुसार, चर्च से जुड़े स्कूल में प्रवेश प्रक्रिया को लेकर प्रबंधन समिति के बीच पिछले कई सप्ताहों से असहमति बनी हुई थी। इसी विवाद के चलते एक पक्ष ने चर्च परिसर को बंद करते हुए ताला जड़ दिया था। ताला खोलने की मांग को लेकर दूसरे पक्ष ने हाल ही में धरना दिया था और पुलिस में शिकायत भी की थी, जिसके बाद प्रशासन ने चर्च क्षेत्र में एहतियातन धारा 144 लागू कर दी थी।

इसी बीच शनिवार देर रात विवादित पक्ष ने चर्च का ताला तोड़ दिया। इस कदम से मौजूदा प्रबंधन समिति भड़क उठी और उन्होंने पुलिस की मौजूदगी में विरोध दर्ज कराया। स्थिति रविवार को और बिगड़ गई जब दोनों पक्ष आमने-सामने आ गए और आरोप-प्रत्यारोप के बीच अचानक हाथापाई शुरू हो गई।

घटना की खबर मिलते ही पुलिस बल बढ़ा दिया गया। फिलहाल चर्च के आसपास भारी सुरक्षा व्यवस्था कायम है और माहौल तनावपूर्ण बना हुआ है। पुलिस मामले की जांच कर रही है और दोनों गुटों से पूछताछ की जा रही है।

Leave a comment