25 से 28 अक्तूबर तक झारखंड में बारिश की संभावना, छठ पर्व के दौरान मौसम रहेगा बदलता

Share This News

झारखंड में आने वाले दिनों में मौसम रहेगा बदलता हुआ

मौसम विभाग की ताजा जानकारी के अनुसार, 24 अक्तूबर को बंगाल की खाड़ी में एक निम्न-दबाव का क्षेत्र बनने की संभावना है, जिसका असर झारखंड के कई जिलों पर देखने को मिल सकता है। इसके चलते 25 से 28 अक्तूबर के बीच राज्य में कहीं-कहीं बादल घिरने की उम्मीद है और कुछ इलाकों में हल्की से मध्यम बारिश के साथ गरज-चमक भी हो सकती है।

विशेष तौर पर, 25 अक्तूबर को पश्चिम सिंहभूम, गुमला और सिमडेगा जिलों में हल्की बारिश और गरज के साथ बिजली गिरने की संभावना है। वहीं 26 और 27 अक्तूबर को गढ़वा, पलामू, लातेहार, लोहरदगा, गुमला और सिमडेगा के अलावा अन्य जिलों में भी बारिश और गर्जन हो सकती है। 28 अक्तूबर को राज्य के पश्चिमी हिस्सों में कहीं-कहीं हल्की बूंदाबांदी देखने को मिल सकती है। राजधानी रांची में इन दिनों सुबह के समय कोहरे और धुंध के साथ आसमान में बादलों का छाया रहना अनुमानित है।

तापमान में बदलाव की संभावना
मौसम विभाग के अनुसार अगले दो दिन में अधिकतम तापमान में लगभग 2–3 डिग्री सेल्सियस की कमी हो सकती है, जबकि न्यूनतम तापमान में अगले पांच दिनों तक ज्यादा बदलाव की संभावना नहीं है। इसके बाद तापमान धीरे-धीरे ठंड की ओर बढ़ सकता है।

रांची सहित अन्य शहरों का तापमान रिकॉर्ड
पिछले 24 घंटे में रांची में अधिकतम तापमान 1.1 डिग्री और न्यूनतम तापमान 0.8 डिग्री सेल्सियस गिरा है। बुधवार को रांची का अधिकतम तापमान 30.7 डिग्री और न्यूनतम 19.6 डिग्री सेल्सियस रहा। जमशेदपुर में अधिकतम तापमान 33.8 डिग्री और न्यूनतम 21 डिग्री, मेदिनीनगर में अधिकतम 34.6 डिग्री और न्यूनतम 20.7 डिग्री तथा बोकारो में अधिकतम 31.5 डिग्री और न्यूनतम 21.6 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया। राज्य में सबसे अधिक तापमान मेदिनीनगर में दर्ज किया गया।

Leave a comment