“जिला भाजपा ने बस स्टैंड पर लगाई प्रदर्शनी, पीएम मोदी के जन्मदिवस पखवाड़ा के तहत आयोजन”

Share This News

जामताड़ा (JAMTARA): प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के 75वें जन्मदिवस के अवसर पर भारतीय जनता पार्टी सेवा पखवाड़ा कार्यक्रम के तहत विविध आयोजनों की श्रृंखला चला रही है। इसी क्रम में जामताड़ा बस स्टैंड परिसर में पीएम मोदी के जीवन, संघर्ष और उपलब्धियों पर आधारित विशेष प्रदर्शनी का आयोजन किया गया।

कार्यक्रम का उद्घाटन अरविंद दास और रामानंद सिंह ने संयुक्त रूप से किया। जिला अध्यक्ष सुमित शरण ने कहा कि इस प्रदर्शनी का उद्देश्य लोगों को यह संदेश देना है कि किस प्रकार एक सामान्य परिवार से आने वाला व्यक्ति देश का सर्वोच्च लोकतांत्रिक पद हासिल कर सकता है। प्रदर्शनी में प्रधानमंत्री मोदी के जीवन के अहम पड़ाव और उनके कार्यकाल की प्रमुख उपलब्धियों को प्रदर्शित किया गया है।

भाजयुमो प्रदेश महामंत्री मनीष दुबे ने कहा कि मोदी जी का जन्मदिन पूरे देशभर में हर्षोल्लास से मनाया जा रहा है। सेवा पखवाड़ा कार्यक्रम के तहत भाजपा कार्यकर्ताओं द्वारा रक्तदान, स्वच्छता अभियान, स्वास्थ्य शिविर और पौधारोपण जैसे आयोजन किए जा रहे हैं। उन्होंने बताया कि पिछले 11 वर्षों में आत्मनिर्भर भारत, आतंकवाद के खिलाफ लड़ाई और विकास की दिशा में उठाए गए कदमों को भी प्रदर्शनी में विशेष रूप से दर्शाया गया है।

कार्यक्रम प्रभारी राजेंद्र राउत ने कहा कि प्रदर्शनी का मकसद आम जनता को प्रधानमंत्री मोदी के ऐतिहासिक निर्णयों, जैसे राम मंदिर निर्माण, धारा 370 हटाने और आत्मनिर्भर भारत अभियान से अवगत कराना है। वहीं मोहन शर्मा ने बताया कि सार्वजनिक स्थल पर प्रदर्शनी लगाने से यात्रियों और स्थानीय लोगों को मोदी जी के विकसित भारत के विजन को करीब से समझने का अवसर मिला।

भाजपा नेता सुनील हांसदा ने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी के 11 वर्षों के कार्यकाल ने भारत की छवि को वैश्विक स्तर पर और मजबूत किया है। धारा 370 हटाना, राम मंदिर निर्माण और आतंकवाद के खिलाफ कठोर कदम ऐतिहासिक उपलब्धियां हैं।

इस अवसर पर किसान मोर्चा के प्रदेश मंत्री कमलेश मंडल, जिला महामंत्री मितेश शाह, भाजपा नेता विनोद मंडल, नगर पंचायत उपाध्यक्ष चंडी चरण दे, जिला उपाध्यक्ष सुकुमार सरखेल, जिला मंत्री राजेश यादव, मीडिया प्रभारी आभा आर्या सहित बड़ी संख्या में कार्यकर्ता और आमजन उपस्थित रहे।

यह प्रदर्शनी सेवा पखवाड़ा कार्यक्रम की एक महत्वपूर्ण कड़ी साबित हुई, जिसने लोगों को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जीवन, संघर्ष और उपलब्धियों से परिचित कराया।

कुसुम न्यूज़ से कुमार की रिपोर्ट

Leave a comment