नगर निकाय निर्वाचन 2026 के अंतर्गत धनबाद नगर निगम तथा चिरकुंडा नगर परिषद के सभी वार्डों के सेक्टर पदाधिकारी एवं सेक्टर पुलिस पदाधिकारियों के लिए आज अंतिम प्रशिक्षण सह ब्रीफिंग सत्र का आयोजन न्यू टाउन हॉल में किया गया।
ब्रीफिंग सत्र को संबोधित करते हुए महापौर पद के निर्वाची पदाधिकारी सह अपर समाहर्ता श्री विनोद कुमार ने कहा कि मतदान प्रक्रिया को बेहतर तरीके से संचालन में उनकी महत्वपूर्ण भूमिका है। पोलिंग पार्टी को अपनी अभिरक्षा में अपने मतदान केंद्रों तक पहुंचाए। मतदान के दिन सतत भ्रमणशील रहें। मतदान संपन्न होने के पश्चात अपनी अभिरक्षा में मतदान सामग्री को मतदान दल के साथ लेकर संग्रहण स्थल पर आएं और उसे सुरक्षित तरीके से जमा करवाएं।
पुलिस उपाधीक्षक श्री धीरेंद्र नारायण बंका ने सेक्टर पुलिस पदाधिकारियों को कहा कि मतदान के पूर्व रात में मतदान केंद्र में ही रहें और उपद्रवी तत्वों पर कड़ी नजर रखते हुए कंट्रोल रूम को सूचित करते रहें। पुलिस उपाधीक्षक श्री सुमित कुमार ने कहा कि डिस्पैच सेंटर से मतदान दलों द्वारा सामग्री प्राप्त करने के उपरांत मतदान दल को अपनी अभिरक्षा में मतदान केंद्रों तक पहुंचाएं।
निर्वाची पदाधिकारी श्री नारायण राम एवं श्री मुरारी नायक ने भी अपने अपने क्षेत्राधीन सेक्टर पदाधिकारियों को मतदान केंद्रों पर न्यूनतम मूलभूत सुविधाएं सुनिश्चित कराने का निर्देश दिया।
इसके पूर्व मुख्य प्रशिक्षक श्री दिलीप कुमार कर्ण, श्री संजय कुमार ने मतदान के दिन के मतदान प्रक्रिया की संपूर्ण जानकारी दी। मास्टर ट्रेनर श्री नीरज कुमार प्रसाद से मतपेटिका के ऑपरेशन और सील करने की प्रक्रिया के बारे में समझाया।
प्रशिक्षण सत्र में सामान्य प्रेक्षण श्री रॉबिन टोप्पो, नोडल पदाधिकारी प्रशिक्षण कोषांग श्री अभिषेक झा, श्री संजय कुमार झा, मास्टर ट्रेनर राज कुमार वर्मा, देवेश त्रिवेदी, रामलखन कुमार, मदन नायक आदि उपस्थित थे।