बिहार (BIHAR): बिहार विधानसभा चुनाव के दूसरे चरण में मतदान आज सुबह 7 बजे से शुरू हो चुका है। पहले चरण में जिस तरह का अभूतपूर्व जनउत्साह देखने को मिला था, उसने राजनीतिक विश्लेषकों को भी हैरान कर दिया। आजादी के बाद पहली बार राज्य में 65.08% की रिकॉर्डतोड़ वोटिंग दर्ज की गई, जिसने नए राजनीतिक संकेत दिए हैं।
अब दूसरे चरण की वोटिंग पर सभी की नजरें टिकी हैं। माना जा रहा है कि मतदाताओं का जो उत्साह पहले चरण में देखने को मिला था, वह दूसरे चरण में और भी ज्यादा बढ़ सकता है। कई क्षेत्रों में सुबह से ही मतदान केंद्रों पर मतदाताओं की लंबी कतारें दिखने लगी हैं, जिससे यह संकेत मिलता है कि पहले चरण का रिकॉर्ड टूटना मुश्किल नहीं होगा।
इस चरण में 20 जिलों की 122 विधानसभा सीटों पर मतदान हो रहा है। दिलचस्प बात यह है कि पहले चरण की तुलना में इस बार दो जिले और एक सीट अधिक हैं, जिससे कुल मतदान प्रतिशत और बढ़ने की संभावना जताई जा रही है।
चुनावी प्रक्रिया के इस चरण को लेकर चुनाव आयोग और राजनीतिक दलों की भी खास नजर बनी हुई है, क्योंकि दूसरे चरण का मतदान आने वाले राजनीतिक समीकरणों को और स्पष्ट कर सकता है।