धनबाद। नगर निगम चुनाव को लेकर प्रशासन ने सभी तैयारियां पूरी कर ली हैं। धनबाद के स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स को डिस्पैच सेंटर बनाया गया है, जहां चुनाव की सभी सामग्री सुरक्षित रखी गई है। यहीं से चुनाव ड्यूटी में तैनात कर्मियों को सामग्री देकर जिले के 1019 मतदान केंद्रों के लिए रवाना किया जा रहा है।
चुनाव ड्यूटी पर तैनात कर्मी सरवन कुमार महतो ने बताया कि उन्हें बस्ताकोला स्थित बूथ पर भेजा गया है। उन्होंने कहा कि इस बार मतदान बैलेट पेपर के माध्यम से कराया जा रहा है, जो काफी सुविधाजनक है। मेयर पद के लिए गुलाबी रंग का बैलेट पेपर और पार्षद पद के लिए सफेद बैलेट पेपर दिया गया है। मतदाता अपने प्रत्याशी के क्रमांक संख्या पर मोहर लगाकर बैलेट बॉक्स में डालेंगे।
चुनाव ड्यूटी में शामिल सुरेंद्र यादव ने भी बताया कि बैलेट पेपर से मतदान करने में लोगों को आसानी होगी और प्रक्रिया सरल है।
नगर निगम चुनाव के लिए 23 फरवरी को सुबह 7 बजे से शाम 5 बजे तक मतदान होगा। वहीं 27 फरवरी को मतगणना कर परिणाम घोषित किए जाएंगे।