Breaking News

एजी चर्च मे प्रबंध समिति द्वारा लगाए गए ताला को लेकर चल रहे पिछले कई दिनों से विवाद के बिच रात के अंधेरे मे…

Share This News

आसनसोल (ASANSOL): आसनसोल साउथ पुलिस फाड़ी क्षेत्र के एलआईसी कार्यालय के पास स्थित एजी चर्च में शनिवार देर रात अचानक विवाद की स्थिति पैदा हो गई। जानकारी के अनुसार, पिछले कई दिनों से चर्च के प्रबंध समिति द्वारा लगाए गए ताले को लेकर मामला विवाद में था। इसी बीच रात के अंधेरे में अनसुमन और कैलाश नाम के दो व्यक्तियों ने चर्च का ताला तोड़कर परिसर में प्रवेश कर लिया और रविवार की प्रार्थना के लिए चर्च की सफाई करवाने लगे।

इस घटना की सूचना प्रबंध समिति को मिली तो समिति के सदस्य तुरंत चर्च पहुंचे। उन्होंने चर्च के बाहरी गेट को खोलने की अपील की, लेकिन मौके पर मौजूद चर्च के पहरेदारों ने उनकी कोई बात नहीं मानी। जब समिति के लोगों ने गेट के सामने हंगामा शुरू किया, तब जाकर पहरेदारों ने गेट खोला।

गेट खुलते ही ताला तोड़कर अंदर घुसे अनसुमन और कैलाश मौके से फरार हो गए। टूटा हुआ ताला देखकर प्रबंध समिति ने पहरेदारों से पूछा कि किसकी अनुमति पर दो लोगों को अंदर जाने दिया गया। इस पर पहरेदारों ने कहा कि दोनों व्यक्ति जबरन अंदर घुस गए और सफाई का काम शुरू करा दिया। पहरेदारों ने यह भी दावा किया कि रविवार से चर्च में प्रार्थना होगी।

वहीं, प्रबंध समिति का आरोप है कि ताला तोड़ने वाले लोग एजीएनआई का नाम लेकर चर्च पर कब्जा जमाने की कोशिश कर रहे हैं। समिति सदस्यों का कहना है कि एक सोची-समझी साज़िश के तहत पहले धारा 144 लगवाई गई और फिर रात में ताला तोड़कर चर्च पर नियंत्रण की कोशिश की गई। उनका दावा है कि बाहरी लोगों को इकट्ठा कर प्रबंध समिति के सदस्यों पर झूठे केस दर्ज कराने की भी साजिश की जा रही है।

घटना के बाद समिति ने आरोपियों के खिलाफ तुरंत कार्रवाई की मांग की और चर्च परिसर में विरोध जताया। दूसरी ओर पुलिस ने धारा 144 लागू होने का हवाला देते हुए प्रबंध समिति के लोगों से वहाँ से हटने को कहा। पुलिस ने स्पष्ट किया कि आदेश का उल्लंघन करने पर कानूनी कार्रवाई की जा सकती है।

Leave a comment