धनबाद (Dhanbad): होली के दौरान बढ़ती यात्री भीड़ को देखते हुए रेलवे ने सफर को आसान बनाने के लिए विशेष तैयारियां की हैं। यात्रियों की सुविधा के मद्देनज़र विभिन्न रूटों पर 9 जोड़ी होली स्पेशल ट्रेनों के संचालन का फैसला लिया गया है। इन ट्रेनों का परिचालन अलग-अलग तिथियों पर किया जाएगा, जिससे बिहार, झारखंड, ओडिशा, पश्चिम बंगाल, उत्तर प्रदेश और गुजरात की ओर यात्रा करने वाले लोगों को राहत मिल सके।
रेलवे द्वारा जारी जानकारी के अनुसार, पुरी–पटना, उधना–हसनपुर रोड, चर्लपल्ली–रक्सौल, गांधीधाम–भागलपुर, दानकुनी–आनंद विहार, मालदा टाउन–आनंद विहार, सियालदह–गोरखपुर तथा आसनसोल–गोरखपुर रूटों पर स्पेशल ट्रेनें चलाई जाएंगी। ये ट्रेनें खड़गपुर, आसनसोल, झाझा, बरौनी, समस्तीपुर, दरभंगा, हाजीपुर, डीडीयू, गया, किउल, नवादा, मुजफ्फरपुर समेत कई प्रमुख स्टेशनों से होकर गुजरेंगी।
कुछ ट्रेनें साप्ताहिक आधार पर निर्धारित दिनों में चलेंगी, जबकि कुछ का संचालन विशेष तिथियों पर किया जाएगा। यात्रियों को सलाह दी गई है कि वे अपनी यात्रा की योजना बनाते समय संबंधित ट्रेन की तिथि और समय की जानकारी अवश्य जांच लें।
रेलवे अधिकारियों के मुताबिक, इन होली स्पेशल ट्रेनों के संचालन से नियमित ट्रेनों में दबाव कम होगा और त्योहार के दौरान घर जाने वाले यात्रियों को बड़ी राहत मिलेगी।
यह जानकारी पूर्व मध्य रेलवे के मुख्य जनसंपर्क अधिकारी सरस्वती चन्द्र द्वारा दी गई है।