रांची : बिरसा मुंडा केंद्रीय कारा, होटवार एक बार फिर सुर्खियों में है। सोशल मीडिया पर एक वीडियो वायरल होते ही जेल प्रबंधन में हड़कंप मच गया। इस वीडियो में आर्थिक अपराध मामलों में पकड़े गए दो हाई-प्रोफाइल आरोपियों को जेल परिसर में डांस करते और मनोरंजन का आनंद लेते हुए देखा जा सकता है, जिसने सुरक्षा मानकों और जेल अनुशासन पर सवाल खड़े कर दिए हैं।
वीडियो के चर्चा में आते ही जेल प्रशासन ने मामले को गंभीरता से लिया और शीर्ष अधिकारियों को इसकी जानकारी भेजी। प्राथमिक जांच के बाद जेल आइजी ने घटना की विस्तृत पड़ताल करने का आदेश दिया। जांच रिपोर्ट में अधिकारियों की लापरवाही उजागर होने के बाद सहायक जेलर देवनाथ राम और जमादार विनोद कुमार यादव को त्वरित कार्रवाई करते हुए निलंबित कर दिया गया।
वीडियो कहां का? कब का?
सूत्रों के अनुसार यह वीडियो कुछ महीनों पुराना है और जेल के उस विशेष बैरक का बताया जा रहा है जहां चुनिंदा कैदियों को टीवी, कूलर जैसी सुविधाएं मिलती हैं। इसी जगह पर शराब घोटाले में आरोपी कंपनी निदेशक विधु गुप्ता और जीएसटी फर्जीवाड़े में आरोपी विक्की भलोटिया मनोरंजन करते दिखाई दे रहे हैं। वीडियो में दोनों नाचते और आराम से समय बिताते नजर आते हैं, जो जेल नियमों का स्पष्ट उल्लंघन माना जा रहा है।
वीडियो में दिख रहे आरोपी कौन हैं?
- विधु गुप्ता— प्रिज़्म होलोग्राफी के एमडी, जिन पर झारखंड एवं छत्तीसगढ़ में नकली होलोग्राम सप्लाई कर सरकारी अधिकारियों को करोड़ों की कमीशन देने का आरोप है। एसीबी ने इन्हें शराब घोटाले में गिरफ्तार किया था। वह वर्तमान में जमानत पर हैं, पर वीडियो के सामने आते ही जेल में उनके लिए उपलब्ध सुविधाओं पर जांच शुरू हो गई है।
- विक्की भलोटिया— जुगसलाई निवासी व्यापारी, जिन्हें ईडी ने ₹14,325 करोड़ के चर्चित जीएसटी घोटाले और अवैध जमीन सौदों में कथित भूमिका के चलते गिरफ्तार किया था।
सख्त रुख में प्रशासन
वीडियो के प्रकाश में आने के बाद राज्य के जेल सिस्टम पर गंभीर सवाल उठे हैं। जेल मुख्यालय ने संबंधित अधिकारियों से विस्तृत रिपोर्ट तलब की है और संकेत मिले हैं कि यह मामला यहीं खत्म नहीं होगा। जेल आइजी ने स्पष्ट किया है कि जेल अनुशासन भंग करने वालों के खिलाफ और भी कड़ी कार्रवाई की जा सकती है।