माननीय मुख्यमंत्री व माननीय विधायक गांडेय पहुंचे बलियापुर

Share This News

स्व डॉ बुद्धदेव महतो को दी श्रद्धांजलि, श्राद्ध कार्यक्रम में हुए शामिल

मरांग बुरु से की दिवंगत आत्मा को शांति प्रदान करने की प्रार्थना

माननीय मुख्यमंत्री श्री हेमंत सोरेन तथा माननीय विधायक गांडेय श्रीमती कल्पना सोरेन मुर्मू आज बलियापुर पहुंचे। वे सिंदरी विधानसभा के चार बार विधायक रहे श्री आनंद महतो के सबसे छोटे सुपुत्र तथा सिंदरी के माननीय विधायक श्री चंद्रदेव महतो के छोटे भाई स्व डॉ बुद्धदेव महतो के श्राद्ध कार्यक्रम में शामिल हुए।

माननीय मुख्यमंत्री तथा माननीय विधायक गांडेय, रांची से हेलीकॉप्टर द्वारा बलियापुर पहुंचे। बलियापुर हवाई पट्टी पर उपायुक्त सह जिला दंडाधिकारी श्री आदित्य रंजन तथा वरीय पुलिस अधीक्षक श्री प्रभात कुमार ने पुष्पगुच्छ भेंट कर उनका स्वागत किया। तत्पश्चात जिला प्रशासन की ओर से उन्हें गार्ड आफ ऑनर दिया गया।

इसके बाद माननीय मुख्यमंत्री एवं माननीय विधायक गांडेय ग्राम बड़ादाहा स्थित माननीय विधायक के आवास पहुंचे। माननीय विधायक सिंदरी ने उनका स्वागत किया। इसके बाद उन्होंने दिवंगत स्व डॉ बुद्धदेव महतो की तस्वीर पर पुष्प अर्पित कर श्रद्धांजलि दी और उनकी आत्मा की शांति के लिए प्रार्थना की। तत्पश्चात माननीय मुख्यमंत्री एवं माननीय विधायक गांडेय ने शोक संतप्त परिजनों से मुलाकात की। उन्होंने मरांग बुरु से दिवंगत आत्मा को शांति प्रदान करने तथा शोक संतप्त परिजनों को दुःख की घड़ी सहन करने की शक्ति प्रदान करने की प्रार्थना की। इसके बाद वे श्राद्ध कार्यक्रम में शामिल हुए।

विधायक आवास पर लगभग आधा घंटा रुकने के बाद माननीय मुख्यमंत्री एवं माननीय विधायक गांडेय पुनः बलियापुर हवाई पट्टी पहुंचे। जहां उन्हें गार्ड ऑफ ओनर देकर विदाई दी गई।

स्व डॉ बुद्धदेव महतो चार भाइयों में सबसे छोटे थे। वे हजारीबाग टेक्निकल यूनिवर्सिटी में व्याख्याता के पद पर कार्यरत थे। पिछले एक वर्ष से गंभीर बीमारी से जूझ रहे थे। 7 फरवरी 2026 को रांची में उन्होंने अंतिम सांसें ली। वे अपने पीछे पत्नी श्रीमती सरिता देवी एवं दो छोटे पुत्र, सिद्धार्थ एवं गौतम को छोड़ गए हैं।

वहीं माननीय मुख्यमंत्री के आगमन को लेकर जिला प्रशासन ने हेलिपैड से लेकर विधायक आवास तक सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए थे। माननीय मुख्यमंत्री के काफिले में एडवांस वार्निंग कार, पायलट कार, तीन स्कॉर्ट वाहन, एडवांस एंबुलेंस, अग्निशमन वाहन के अलावा दो क्विक रिस्पांस टीम शामिल थी। वहीं प्रखंड कार्यालय बलियापुर में एवं धनबाद में जिला नियंत्रण कक्ष स्थापित किया गया था।

कार्यक्रम में माननीय विधायक निरसा श्री अरूप चटर्जी, उपायुक्त श्री आदित्य रंजन, वरीय पुलिस अधीक्षक श्री प्रभात कुमार, उप विकास आयुक्त श्री सन्नी राज, नगर आयुक्त श्री आशीष गंगवार, अनुमंडल दंडाधिकारी श्री लोकेश बारंगे, ग्रामीण एसपी श्री कपिल चौधरी, सिटी एसपी श्री ऋत्विक श्रीवास्तव, डीटीओ श्री दिवाकर सी द्विवेदी, ट्राफिक डीएसपी श्री अरविंद कुमार सिंह, एसडीपीओ सिंदरी श्री आशुतोष सत्यम के अलावा जिला प्रशासन एवं पुलिस के अन्य पदाधिकारी मौजूद थे।

Leave a comment