Breaking News

बैठक के दौरान बिगड़ी भाजपा विधायक की तबीयत, हार्ट अटैक से मचा हड़कंप

Share This News

UP (उत्तर प्रदेश):
नए साल की शुरुआत जिस दिन खुशियों और मुस्कान के साथ हुई, उसी चेहरे पर अगले ही दिन हमेशा के लिए खामोशी छा गई। फरीदपुर से भाजपा विधायक प्रो. श्याम बिहारी लाल का अचानक निधन हो गया।

जानकारी के अनुसार, वे पशुधन मंत्री धर्मपाल सिंह की अध्यक्षता में सर्किट हाउस में आयोजित एक बैठक में शामिल होने पहुंचे थे। बैठक समाप्त होने के बाद वहीं पंडाल में भोजन किया गया। भोजन के कुछ ही देर बाद विधायक को अचानक बेचैनी महसूस हुई और सीने में तेज दर्द उठने लगा।

तबीयत बिगड़ने पर वे पंडाल से बाहर आए और सर्किट हाउस के एक कमरे में कुछ देर लेटे, लेकिन हालत लगातार गंभीर होती चली गई। स्थिति को भांपते हुए उनके ड्राइवर और गनर ने बिना देरी किए उन्हें तुरंत मेडिसिटी अस्पताल पहुंचाया। अस्पताल में डॉक्टरों ने उन्हें आईसीयू में भर्ती कर इलाज शुरू किया, लेकिन तमाम कोशिशों के बावजूद कुछ ही समय में उन्होंने दम तोड़ दिया।

इस दौरान बैठक में शामिल मंत्री, जनप्रतिनिधि और अधिकारी अपने-अपने गंतव्य के लिए निकल चुके थे, जिस कारण विधायक की तबीयत बिगड़ने की सूचना किसी को तुरंत नहीं मिल सकी। जैसे ही उनके निधन की खबर सामने आई, सर्किट हाउस से लेकर अस्पताल तक शोक की लहर दौड़ गई और सभी जनप्रतिनिधि व अधिकारी मेडिसिटी अस्पताल पहुंच गए।

बैठक के दौरान विधायक प्रो. श्याम बिहारी लाल ने बरेली के पर्यटन विकास को लेकर कई अहम सुझाव दिए थे। उन्होंने प्राचीन शिव मंदिरों और ऐतिहासिक स्थल अहिच्छत्र को पर्यटन मानचित्र पर प्रमुखता से शामिल करने की बात कही थी।

प्रो. श्याम बिहारी लाल फरीदपुर विधानसभा क्षेत्र से लगातार दूसरी बार भाजपा विधायक चुने गए थे। वे बरेली के पीलीभीत रोड स्थित शक्ति नगर कॉलोनी में रहते थे। उनका जन्म 1 जनवरी 1966 को शाहजहांपुर जिले में हुआ था। एक दिन पहले ही उन्होंने परिवार के साथ अपना 60वां जन्मदिन मनाया था।

परिवार में उनकी पत्नी मंजूलता, दो बेटियां और एक बेटा हैं। उनकी बेटी शिल्पा ग्वाल बरेली में रक्षा संपदा अधिकारी के पद पर कार्यरत हैं।

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर शोक व्यक्त करते हुए लिखा कि प्रो. श्याम बिहारी लाल जनसेवा के लिए समर्पित भाजपा के एक कर्मठ नेता थे और उनके निधन से पार्टी को अपूरणीय क्षति हुई है।

Leave a comment