धनबाद-बोकारो के 7 डिग्री कॉलेजों में इंटर नामांकन पर रोक, 2026 से पढ़ाई होगी बंद

Share This News

धनबाद: बिनोद बिहारी महतो कोयलांचल विश्वविद्यालय (बीबीएमकेयू) के अधीन आने वाले धनबाद और बोकारो के सात डिग्री कॉलेजों में इंटरमीडिएट (11वीं-12वीं) की पढ़ाई बंद करने का निर्देश जारी किया गया है। यह निर्णय झारखंड एकेडमिक काउंसिल (जैक) से प्राप्त पत्र के आधार पर लिया गया है। विश्वविद्यालय ने स्पष्ट किया है कि वर्ष 2026 से इन कॉलेजों में इंटर में नए दाखिले नहीं लिए जाएंगे। यदि निर्देशों का उल्लंघन किया गया तो संबंधित छात्रों का रजिस्ट्रेशन जैक द्वारा स्वीकार नहीं किया जाएगा।

जिन कॉलेजों को निर्देश दिया गया है, उनमें बीएसएस महिला कॉलेज धनबाद, बाघमारा कॉलेज, डीएवी महिला कॉलेज कतरासगढ़, गुरुनानक कॉलेज धनबाद, केएसजीएम कॉलेज निरसा, बोकारो महिला कॉलेज और विस्थापित कॉलेज बालीडीह शामिल हैं। विश्वविद्यालय प्रशासन ने सभी संबद्ध कॉलेजों को आदेश का पालन सुनिश्चित करने को कहा है और 28 फरवरी तक अनुपालन रिपोर्ट मांगी है।

गौरतलब है कि गुरुनानक कॉलेज में पहले ही 2023-25 सत्र से इंटर की पढ़ाई बंद हो चुकी है। ऐसे में अब शेष छह कॉलेजों में इंटर स्तर की कक्षाएं समाप्त होंगी। कई कॉलेजों ने चिंता जताई है कि स्नातक में नामांकन कम होने के कारण इंटर के छात्रों से मिलने वाली फीस से संस्थान को कुछ आर्थिक सहयोग मिल जाता था, जिससे संचालन में मदद मिलती थी। उन्होंने इस फैसले पर पुनर्विचार की मांग भी की है।

यह कदम राष्ट्रीय शिक्षा नीति (एनईपी) 2020 के तहत उठाया गया है, जिसमें डिग्री कॉलेजों को केवल स्नातक स्तर तक सीमित रखने और 11वीं-12वीं की पढ़ाई प्लस टू स्कूलों या इंटर कॉलेजों में संचालित करने का प्रावधान है।

इसके साथ ही विश्वविद्यालय के रजिस्ट्रार ने सभी अंगीभूत कॉलेजों को भी पत्र जारी कर सत्र 2026-27 से किसी भी परिस्थिति में इंटर में नामांकन नहीं लेने का निर्देश दिया है और इंटर खाते की अद्यतन स्थिति 28 फरवरी तक उपलब्ध कराने को कहा है।

Leave a comment