दिल्ली (DELHI):
राजधानी दिल्ली में हवाओं की रफ्तार कम होने और दिशा में बदलाव के कारण वायु प्रदूषण एक बार फिर गंभीर स्तर पर पहुंच गया है। ताज़ा आंकड़ों के अनुसार, राजधानी का वायु गुणवत्ता सूचकांक (AQI) बढ़कर 307 पर पहुंच गया, जिसे बेहद खराब श्रेणी में रखा गया है। यह स्तर शनिवार की तुलना में लगभग 40 अंकों की बढ़ोतरी को दर्शाता है।
दिल्ली से सटे एनसीआर क्षेत्र में प्रदूषण की स्थिति और भी चिंताजनक रही। गुरुग्राम में हवा सबसे ज्यादा जहरीली पाई गई, जहां एक्यूआई 333 दर्ज किया गया। वहीं ग्रेटर नोएडा में सूचकांक 316, नोएडा में 307 और गाजियाबाद में 298 रिकॉर्ड किया गया, जो सभी खराब से बेहद खराब श्रेणी में आते हैं।
हालांकि एनसीआर के अन्य शहरों की तुलना में फरीदाबाद की हवा अपेक्षाकृत बेहतर रही। यहां एक्यूआई 215 दर्ज किया गया, जिसे खराब श्रेणी में माना गया है।